
जबलपुर। मानसून प्रणालियां कमजोर पड़ते ही गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है। पारा लुढक़ने के साथ रात में गुलाबी ठंड महसूस होने लगी है जबकि दिन में सूर्यदेव के तेवर तल्ख होने से गर्मी का एहसास बना हुआ है। मौसम विभाग की माने तो 15 अक्टूबर तक वर्षा नहीं होने और सामान्य तापमान की संभावना है। अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जो सामान्य से तीन डिग्रीकम रहा। न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री पर पहुंच गया जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा। सुबह के वक्त आद्रता 80 और शाम को 56 प्रतिशत दर्ज की गई। उत्तरीहवाएं चार से पांच किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली। मौसम विभाग की माने तो अगले 2-3 दिनों के दौरान महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार के शेष भागों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल हैं। चक्रवाती तूफान पश्चिम-मध्य अरब सागर पर अवस्थित है और उससे जुड़ा चक्रवातीय परिसंचरण माध्य समुद्र तल से 4.5 किमी ऊपर की ऊंचाई पर सक्रिय है। पश्चिमी विक्षोभ, एक चक्रवातीय परिसंचरण के रूप में उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश और निकटवर्ती क्षेत्रों में माध्य समुद्र तल से 3.1 और 4.5 किमी की ऊंचाई के मध्य अवस्थित है।
