ब्यावरा। स्थानीय कृषि उपज मंडी व्यापारिक एवं क्षेत्रफल की दृष्टि से जिले की सबसे बड़ी मंडी है, ऐसे में यहां की सुरक्षा व्यवस्था भी उतनी ही पुख्ता होना चाहिए. इसको दृष्टिगत रखते हुए मंडी प्रबंधन द्वारा समूचे मंडी परिसर सीसीटीवी कैमरे लगाने की तैयारी की जा रही है. इसके लिए प्रबंधन द्वारा 10 और कैमरे लगाने मंडी बोर्ड से अनुमति मांगी है.
गौरतलब है कि वर्तमान में मंडी परिसर में 6 सीसीटीवी कैमरे लगे हुए है. किंतु मंडी के व्यापक क्षेत्र को देखते हुए दस और कैमरे की आवश्यकता है ताकि समूचा मंडी परिसर सीसीटीवी यानि तिसरी आंख की जद में आ सके.
सुरक्षा में मददगार होंगे कैमरे
स्थानीय कृषि मंडी परिसर का क्षेत्र काफी व्यापक है. बम्पर आवक आने पर पीछे की और सब्जी मंडी के समीप तक उपज से भरे वाहनों से समूचा मंडी परिसर पट जाता है. कई वाहनों को नीलामी नहीं होने से रात्रि में भी रुकना पड़ता है. ऐसे में सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे मददगार साबित होंगे.
कृषि मंडी परिसर में वर्तमान में 6 सीसीटीवी कैमरे लगे हुए है. मंडी परिसर का क्षेत्र काफी व्यापक होने से यहां 10 और कैमरे की अनुमति मंडी बोर्ड से चाही गई है. ताकि समूचा मंडी परिसर सीसीटीवी कैमरे की जद में आ सके. इससे मंडी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी.
अशोक कुमार ठाकुर
सचिव, कृषि उपज मंडी ब्यावरा
