आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप शॉटगन के लिए भारत के स्कीट शूटर तैयार

एथेंस, 09 अक्टूबर (वार्ता) भारत के स्कीट शूटर शुक्रवार (10 अक्टूबर) से एथेंस, ग्रीस के मलाकासा शूटिंग रेंज पर शुरू हो रही अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ (आईएसएसएफ) विश्व चैंपियनशिप शॉटगन 2025 में अपने अभियान की शुरुआत करेंगे। प्रतियोगिता की शुरुआत पुरुषों और महिलाओं की स्कीट स्पर्धा के पहले दो क्वालिफिकेशन राउंड से होगी।
भारत की पुरुष टीम का नेतृत्व ओलंपियन मैराज अहमद खान और हाल ही में एशियाई चैंपियन बने अनंतजीत सिंह नरुका करेंगे, जबकि तीसरे सदस्य होंगे भवतेग सिंह गिल। महिला वर्ग में ओलंपियन और पूर्व जूनियर विश्व चैंपियनशिप रजत पदक विजेता रायज़ा ढिल्लों टीम की अगुवाई करेंगी, उनके साथ गणेमत सेखों और परीनाज धालीवाल मैदान में उतरेंगी।
अनंतजीत नरुका, जिन्होंने शिमकेंट में एशियाई चैंपियनशिप में बेहतरीन प्रदर्शन किया था, अब 121 शीर्ष निशानेबाजों की मजबूत लाइन-अप का हिस्सा होंगे। इस सूची में अमेरिका के विंसेंट हैनकॉक भी शामिल हैं – चार बार के ओलंपिक और तीन बार के विश्व चैंपियन – जिन्हें स्कीट शूटिंग इतिहास के महानतम खिलाड़ियों में गिना जाता है। भारत के सबसे सफल अंतरराष्ट्रीय स्कीट शूटर मैराज अहमद खान भी अपने अनुभव के दम पर तीसरा व्यक्तिगत आईएसएसएफ पदक जीतने के लक्ष्य के साथ उतरेंगे।
पेरिस 2024 के स्वर्ण पदक विजेता हैनकॉक, जिन्होंने इस साल की शुरुआत में लोनेटो में भी स्वर्ण जीता था, उनके साथ पेरिस ओलंपिक रजत विजेता कॉनर प्रिंस, 2023 विश्व चैंपियनशिप रजत विजेता ईतु कालियोइनेन (फिनलैंड) और कांस्य विजेता अजमी मेहेलबा (मिस्र) भी प्रतिस्पर्धा में होंगे।
महिला वर्ग में विश्व नंबर 1 अमेरिका की सामंथा साइमॉन्टन शीर्ष दावेदार होंगी, जिन्होंने लोनेटो में स्वर्ण, तथा लीमा और निकोसिया में रजत पदक जीते हैं। उनके साथ उनकी हमवतन डानिया जो विजी, विश्व नंबर 3 और बाकू विश्व चैंपियनशिप रजत पदक विजेता, भी मजबूत दावेदारी पेश करेंगी। विज़ी ने इस वर्ष बेहतरीन फॉर्म दिखाते हुए ब्यूनस आयर्स में स्वर्ण, लोनेटो में रजत और लीमा में कांस्य पदक जीते हैं।
विश्व नंबर 2 अरिना कुजनेत्सोवा (एआईएन), जो निकोसिया की स्वर्ण और ब्यूनस आयर्स की कांस्य पदक विजेता हैं, और मेजबान ग्रीस की विश्व नंबर 6 एमानुएला कत्ज़ौराकी, बाकू विश्व चैंपियनशिप कांस्य पदक विजेता, भी मुकाबले में शामिल होंगी।
स्कीट क्वालिफिकेशन राउंड 10 अक्टूबर को भारतीय समयानुसार सुबह 11:30 बजे शुरू होंगे, जहां खिलाड़ी पहले दिन और दूसरे दिन 50-50 लक्ष्य भेदेंगे, जबकि 12 अक्टूबर को 25 लक्ष्य होंगे। कुल 125 लक्ष्यों के बाद पुरुषों और महिलाओं के शीर्ष छह निशानेबाज फाइनल के लिए क्वालिफाई करेंगे। फाइनल्स 12 अक्टूबर (रविवार) को भारतीय समयानुसार शाम 5:30 बजे (महिला) और 7:00 बजे (पुरुष) खेले जाएंगे, जहां नए विश्व चैंपियन तय होंगे।

Next Post

टीम इंडिया ने रचा इतिहास, क्वार्टर फाइनल में कोरिया को हराकर पहला मिश्रित टीम पदक पक्का किया

Thu Oct 9 , 2025
गुवाहाटी, 09 अक्टूबर (वार्ता) भारत ने अपने उत्साही प्रशंसकों के उत्साह और घरेलू परिस्थितियों की जानकारी के दम पर गुरुवार को यहां नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में कोरिया को हराकर बीडब्ल्यूएफ विश्व जूनियर मिश्रित टीम चैंपियनशिप में ऐतिहासिक पदक पक्का कर लिया। मेजबान टीम ने लगभग तीन घंटे तक चले […]

You May Like