स्टारमर की यात्रा से भारत और ब्रिटेन के संबंधों में नया अध्याय शुरू होगा : विदेश मंत्रालय

नयी दिल्ली 08 अक्टूबर (वार्ता) भारत ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर की पहली आधिकारिक यात्रा को ऐतिहासिक बताते हुए कहा है कि इससे दोनों देशों के संबंधों में एक नया अध्याय शुरू होगा। श्री स्टारमर के दो दिन की यात्रा पर बुधवार सुबह मुंबई पहुंचने पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने उनकी भारत यात्रा को दोनों देशों के संबंधों में एक नया अध्याय बताया। श्री स्टारमर 120 सदस्यों के उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ आये हैं और जिसमें उद्योगपति, विश्वविद्यालयों के कुलपति और सांस्कृतिक प्रतिनिधि शामिल हैं । उनकी यह यात्रा प्रौद्योगिकी, शिक्षा, सतत व्यापार और निवेश में सहयोग बढ़ाने पर केन्द्रीत है।

महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत , मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजीत पवार ने छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

श्री स्टारमर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर भारत की यात्रा पर हैं। इस दौरान दोनों नेता भारत-ब्रिटेन व्यापक रणनीतिक साझेदारी के विभिन्न स्तंभों की प्रगति की समीक्षा करेंगे।

दोनों प्रधानमंत्री इस वर्ष जुलाई में हुए भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते (सीईटीए) के तहत अवसरों पर चर्चा करने के लिए व्यापार और उद्योग जगत के नेताओं से भी मिलेंगे।

इस ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते का उद्देश्य आर्थिक सहयोग को गहरा करना है। दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार पहले ही 56 अरब डॉलर को छू चुका है और 2030 तक इसे दोगुना करने का लक्ष्य है।

श्री स्टारमर और श्री मोदी मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट के छठे संस्करण में भाग लेंगे, जहां वे मुख्य भाषण देंगे और उद्योग विशेषज्ञों, नीति निर्माताओं तथा नवप्रवर्तकों के साथ बातचीत करेंगे।

श्री स्टारमर का आज यशराज स्टूडियो जाने, मुंबई के कूपरेज ग्राउंड में एक फुटबॉल मैच देखने और शीर्ष भारतीय उद्योगपतियों के साथ बातचीत करने का भी कार्यक्रम है।

 

Next Post

दिल्ली पुलिस की साइबर क्राइम यूनिट ने पकड़ा अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन नौकरी घोटाले का गिरोह

Wed Oct 8 , 2025
नयी दिल्ली, 08 अक्टूबर (वार्ता) दिल्ली पुलिस की पश्चिम जिला साइबर थाना टीम ने एक बड़े ऑनलाइन नौकरी घोटाले का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने पांच स्मार्टफोन, दस बैंक पासबुक, चौदह चेकबुक और पांच लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार […]

You May Like