
छतरपुर। जिले से मंगलवार सुबह एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। सटई रोड पर रेलवे पुल के पास किराए से रह रही एक गर्भवती महिला की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतका की पहचान कमला अहिरवार (32 वर्ष) पत्नी गोकल अहिरवार, निवासी ग्राम रामपुर (थाना सटई) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह करीब 6 बजे कमला घर के बाहर शौच के लिए उठीं थीं। तभी अचानक वे गिर पड़ीं और अचेत हो गईं। परिजनों ने तुरंत उन्हें जिला अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला कमला और उनके गर्भ में पल रहे शिशु दोनों को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार, कमला आठ महीने की गर्भवती थीं और पिछले कुछ दिनों से हल्की तबीयत खराब होने की शिकायत कर रही थीं। सुबह अचानक गिरने के बाद उन्होंने कोई हरकत नहीं की, जिससे परिवारजन घबरा गए और उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे।
इस घटना से परिवार और आसपास के लोगों में गहरा शोक व्याप्त है। जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम की कार्यवाही के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
स्थानीय पुलिस ने मर्ग कायम कर मृत्यु के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक आशंका हृदयघात या लो ब्लड प्रेशर बताई जा रही है।
