
मंदसौर। थाना सीतामऊ क्षेत्र में रविवार को एक महिला के साथ दुष्कर्म और मारपीट की गंभीर वारदात ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। घायल अवस्था में महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीतामऊ में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए देर रात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी अर्जुन पिता भंवर बागड़ी, निवासी रहीमगढ़ ने सुनसान स्थान पर महिला के साथ जबरन दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने महिला के साथ मारपीट भी की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोगों को घटना की सूचना मिलते ही महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया और पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
सीतामऊ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और फरार आरोपी को देर रात गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश और दहशत का माहौल है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटना स्थल और अस्पताल पहुंचे तथा मामले की गहन जांच के निर्देश दिए। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और पीड़िता को न्याय दिलाने में कोई कमी नहीं रखी जाएगी।
