
छतरपुर।छतरपुर नगर में रविवार दोपहर नगर पालिका की टीम ने पन्ना नाका और सटई रोड क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की। यह अभियान दोपहर करीब 12 बजे शुरू हुआ, जिसमें नगर पालिका के अमले के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे लगाए गए हाथ ठेले, डिब्बे और दुकानों के आगे किए गए अवैध निर्माण को जेसीबी मशीन की मदद से हटाया गया। इस दौरान कुछ लोगों ने विरोध भी किया, लेकिन प्रशासन ने उन्हें समझाइश देकर शांत कराया।
इस कार्रवाई का उद्देश्य सड़क पर यातायात को सुगम बनाना और क्षेत्र में टैक्सी स्टैंड के लिए जगह तैयार करना बताया गया है। कई दिनों से स्थानीय नागरिक और वाहन चालक इस इलाके में बढ़ते जाम और अव्यवस्था की शिकायत कर रहे थे।
अभियान के दौरान एसडीएम अखिल राठौर और सीएमओ माधुरी शर्मा स्वयं मौके पर मौजूद रहीं और पूरी कार्रवाई की निगरानी की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर के मुख्य मार्गों से अतिक्रमण हटाना नगर पालिका की प्राथमिकता है, ताकि आम जनता को आने-जाने में परेशानी न हो।
नगर पालिका प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे स्वेच्छा से अपने अतिक्रमण हटाएं और शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सहयोग दें।
