
इंदौर. दीपावली जैसे बड़े पर्व को देखते हुए शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर इंदौर पुलिस पूरी तरह सतर्क है. पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह के निर्देश पर शहरभर में लगातार फ्लैग मार्च किए जा रहे हैं, ताकि असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश मिले और आमजन को भरोसा हो कि पुलिस हर समय चौकस है.
शनिवार की रात एसीपी विवेक सिंह चौहान अपने सर्कल के मल्हारगंज और सदर बाजार थानों के संवेदनशील इलाकों में पैदल भ्रमण करते नजर आए. उनके साथ थाना प्रभारी वेदेन्द्र सिंह और यशवंत बड़ोले तथा पुलिस बल शामिल था. अधिकारी प्रमुख मार्गों और गलियों में सायरन बजाते वाहनों के साथ फ्लैग मार्च करते हुए सुरक्षा का संदेश दे रहे थे. त्योहारों को देखते हुए बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था और भी कड़ी कर दी गई है. असामाजिक तत्वों और संदिग्धों पर नजर रखने के साथ ही महिला सुरक्षा के लिए महिला पुलिस बल की तैनाती भी की गई है.
