
भोपाल।राजधानी में एक भाजपा नेत्री के साथ मारपीट कर और सड़क पर घसीटने का वीडियो शनिवार को सामने आया है. इस घटना को लेकर महिला नेत्री ने गुर्जर परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. भाजपा नेत्री सकुन शर्मा भाजपा में बिलखारिया मंडल की महामंत्री हैं. सूखी सेवनिया के ओमकारा सेवनिया क्षेत्र में उनके साथ मारपीट की गई. पीड़िता 55 वर्षीय सकुन शर्मा ने आरोप लगाया है कि शुक्रवार को देर रात सिद्ध नगर कॉलोनी स्थित मंदिर से जब वह पूजा करने के बाद अपने घर के लिए जा रही थी, तभी गुर्जर समाज के कुछ लोगों ने विवाद करते हुए उनके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी. मामले की शिकायत पीड़िता नेत्री ने पुलिस में की है. उन्होंने आरोपा लगाया है कि क्षेत्र के मंदिर में गुर्जर समाज के लोगों ने कथित तौर पर कब्जा किया है. इन लोगों ने बाह्मण समाज के लोगों का मंदिर आना जाना प्रतिबंधित कर रखा है. सकुन शर्मा का आरोप है कि जो भी मंदिर में गुर्जर समाज के अलवा अन्य लोग जाते हैं, तो इस समाज के लोग उन्हे पूजा करने से रोकते हैं. तीन दिन पहले भी एक अन्य परिवार के साथ गुर्जर समाज के लोगों द्वारा मार पीट की बात सामने आई है. पुलिस ने भाजपा नेत्री के शिकायत के आधार पर तीन महिलाओं और तीन पुरुषों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है. आरोपियों की गिरफ्तारी फिलहाल नहीं हुई है.
