भारत ने बंगलादेश के आरोप खारिज किये कहा, वहां की अंतरिम सरकार कानून व्यवस्था संभालने में विफल

नयी दिल्ली 03 अक्टूबर (वार्ता) भारत ने बंगलादेश के चटगांव पर्वतीय क्षेत्र में अल्पसंख्यकों पर हुई हिंसा के लिए उसे ज़िम्मेदार ठहराने वाले बंगलादेश के आरोपों को झूठे और निराधार बताते हुए सिरे से खारिज कर दिया है और कहा है कि कानून व्यवस्था बनाये रखने में विफल वहां की अंतरिम सरकार अपनी आदत के अनुसार इसका दोष किसी ओर पर मढ़ना चाह रही है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को यहां मीडिया ब्रीफिंग में इस संबंध में पूछे गये सवाल के जवाब में कहा कि मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार को चटगांव पर्वतीय क्षेत्र में अल्पसंख्यक समुदायों के खिलाफ हिंसा, आगजनी और ज़मीन हड़पने वाले स्थानीय चरमपंथियों की गतिविधियों की गंभीरता से जांच करनी चाहिए।

प्रवक्ता ने कहा, ” हम इन झूठे और निराधार आरोपों को सिरे से खारिज करते हैं। बंगलादेश की अंतरिम सरकार और हमने इस बारे में कई मौकों पर बात की है, अंतरिम सरकार देश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में असमर्थ है और उसे बार-बार दोष किसी और पर मढ़ने की आदत है। बेहतर होगा कि वे आत्मनिरीक्षण करें और चटगांव पहाड़ी इलाकों में अल्पसंख्यक समुदायों के खिलाफ हिंसा, आगजनी और ज़मीन हड़पने वाले स्थानीय चरमपंथियों की कार्रवाई की गंभीर जांच करें।”

रिपोर्टों के अनुसार बांग्लादेश के गृह मामलों के सलाहकार लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) मोहम्मद जहाँगीर आलम चौधरी ने कहा है कि एक खास वर्ग चटगांव पर्वतीय क्षेत्र के खगराछारी में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश कर रहा है, जिसे ‘कथित तौर पर भारत या फासीवादी तत्वों द्वारा उकसाया जा रहा है’।

दक्षिण-पूर्वी बांग्लादेश के चटगांव पहाड़ी इलाकों में एक स्कूली छात्रा के साथ कथित सामूहिक बलात्कार के विरोध में हुए प्रदर्शनों के बाद रविवार को हुई झड़पों में कम से कम तीन लोग मारे गए और दर्जनों घायल हो गए।

प्रतिबंधों और सुरक्षा बलों की तैनाती के बावजूद, हिंसा खगराछारी शहर से 36 किलोमीटर दूर गुइमारा तक फैल गई। खगराछारी ढाका से 270 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में है।

Next Post

अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध भारत और कनाडा दोनों के लिए चिंता का विषय: भारत

Fri Oct 3 , 2025
नयी दिल्ली 03 अक्टूबर (वार्ता) विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत और कनाड़ा के बीच सुरक्षा द्विपक्षीय सहयोग के महत्वपूर्ण मुद्दों में शामिल है और इसके अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय संगठित अपराध दोनों देशों के लिए चिंता का विषय है और सभी को इस खतरे से मिलकर लड़ना चाहिए। विदेश मंत्रालय […]

You May Like