
सीधी।संजय टाइगर रिजर्व में आज एक अक्टूबर से जंगल सफारी की शुरुआत की गई जिसमें 10 से अधिक जिप्सी वाहनों में सवार पर्यटकों ने जंगल सफारी का आनंद उठाया । संजय टाइगर रिजर्व फिर पर्यटकों से गुलजार होने लगा।सुबह 6:15 से सफारी की शुरुआत की गई। पर्यटक द्वार बड़काडोल में वन परिक्षेत्र अधिकारी दुबरी विवेक सिंह ने माल्यार्पण और गुलदस्तों के साथ पर्यटकों का स्वागत किया। गाइड संगठन के अध्यक्ष नेचुरलिस्ट सुभाष सिंह ने पर्यटकों का गाइड टीम के साथ स्वागत किया, साथ में समस्त स्टाफ डिप्टी रेंजर बाबू नंदन सिंह और बीट प्रभारी संदीप गौतम उपस्थित रहे। बताते चलें कि
मध्य प्रदेश के सभी टाइगर रिजर्व तीन महीने के बाद आज 1 अक्टूबर से पर्यटकों के लिए खुल गए हैं। संजय टाइगर रिजर्व सीधी की सफारी के लिए पहले ही सप्ताह भर की एडवांस बुकिंग हो चुकी है।
पर्यटक एमपी ऑनलाइन वेबसाइट के माध्यम से टाइगर सफारी की बुकिंग करते हैं। इस बार संजय टाइगर रिजर्व के प्रति पर्यटकों का रुझान काफी बढ़ा है। 1 अक्टूबर से 7 अक्टूबर तक की सभी सफारी सीटें पहले ही बुक हो चुकी हैं।अधिकारियों ने पर्यटकों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की हैं। इसके तहत कई नए प्रशिक्षित गाइडों की भर्ती की गई है। ये गाइड पर्यटकों को संजय टाइगर रिजर्व की विशेषताओं से अवगत कराएंगे।संजय टाइगर रिजर्व के एसडीओ सुधीर मिश्रा ने बताया कि 1 अक्टूबर के पहले सप्ताह की 90 प्रतिशत से अधिक बुकिंग एडवांस में हो चुकी है। विभाग को उम्मीद है कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
इस वर्ष संजय टाइगर रिजर्व में पहली बार नाइट सफारी भी शुरू की जा रही है। नाइट सफारी की बुकिंग विशेष रूप से विभाग के काउंटर से ही की जाएगी।
