ग्वालियर: ग्वालियर में माता के जागरण में पहुंचे भाजपा कार्यकर्ता मोनू बाथम की हत्या करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया है. आरोपी पिछले 42 दिन से मोनू की हत्या के लिए प्लानिंग कर रहे थे. बीती रात जैसे ही वह अपने परिवार के साथ जागरण में पहुंचा. वहां मौजूद बदमाशों ने उसके सिर में गोली मार दी. गोली लगते ही मोनू की मौत हो गई और आरोपी फरार हो गए.
सूचना पर पहुंची पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जाचं शुरू की. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने दस-दस हजार का इनाम भी घोषित किया था. मामले की जांच में सामने आया है कि मोनू की हत्या की वजह शराब और देशी कट्टों के अवैध कारोबार है. आरोपी रोशन अपने साथियों भूरा, राहुल और पंकज के साथ यह कारोबार कर रहा था.
भाजपा का सक्रिय कार्यकर्ता मोनू लगातार इसका विरोध करता आ रहा था. वह कई बार आरोपियों की शिकायत पुलिस से भी कर चुका था. उसने सिर्फ थाने में ही नहीं, ग्वालियर आईजी और एसएसपी तक इनकी शिकायत पहुंचाई थी. इसके चलते पिछले डेढ़ महीने से आरोपियों का गैरकानूनी धंधा बंद हो गया था. पुलिस की बार-बार छापेमारी से रोशन और उसके साथी परेशान हो गए थे. मोनू ने अपनी आखिरी शिकायत 15 अगस्त को आईजी ग्वालियर को दी थी.
