गुना: कैंट थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान बनाकर लड़कियों से बातचीत करने और ऑनलाइन सट्टा कारोबार में लिप्त एक युवक को दबोच लिया है। पुलिस ने आरोपी फरीद खान (36) निवासी इमाम चौक, तलैया मोहल्ला, हाल नरेन्द्र किराना स्टोर बरबटपुरा गुना को राजविलास पैलेस के पास से पकड़ा।पूछताछ में सामने आया कि फरीद ने इंस्टाग्राम पर आठ फर्जी आईडी बनाई थीं, जिनमें अधिकतर हिन्दू नामों से थीं। वह बीते डेढ़-दो साल से इन आईडी का उपयोग लड़कियों से बातचीत कर उन्हें जाल में फंसाने के लिए कर रहा था।
फरीद ने यह भी स्वीकार किया कि वर्ष 2022 और 2023 में वह सक्रिय रूप से सट्टा कारोबार में शामिल था और वर्तमान में अपने साथी आमिर खान निवासी जीनघर की आईडी से ऑनलाइन सट्टा खेलता और खिलाता है। पुलिस ने उसके पास से ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया, जिसमें बैलेंस शीट के स्क्रीनशॉट और सट्टे से संबंधित अन्य डेटा मिला है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी पूछताछ में सहयोग नहीं कर रहा है। उसके खिलाफ धारा 319(2) बीएनएस, 66डी आईटी एक्ट और सट्टा अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की गई है। अब पुलिस उसके नेटवर्क और अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।
