
ब्यावरा। वर्तमान में सोयाबीन फसल की कटाई जोरो पर है. अनेक खेतों में फसल कटी पड़ी हुई है, ऐसे में बीती रात्रि को नगर सहित जिले के कई स्थानो ं पर बारिश हुई. नगर में एक इंच बारिश हो गई. खेतो में कटी फसल पर ये बारिश आफत बन गई.
उल्लेखनीय है कि जल्दी आने वाली सोयाबीन वैरायटी की कटाई जारी है. अधिकतर खेतो में फसल कटी पड़ी है. बीती रात्रि 12.30 बजे के बाद जोर की आकाशीय गर्जना के बीच तेज बारिश हुई. बारिश का सिलसिला मध्य रात्रि तक चलता रहा.
एन वक्त पर आया पानी
इस बार अत्यधिक बारिश तथा पीला मोजेक रोग के कारण सोयाबीन का उत्पादन काफी प्रभावित होकर कम होना सामने आया है. अब जबकि सोयाबीन की कटाई का कार्य चल रहा है इसी बीच एकाएक तेज बारिश का आना कटी फसल के लिए मुसीबत बन गया. ग्राम लोधीपुरा निवासी बापूलाल, करण सिंह सहित किसानों का कहना है कि सोयाबीन की कटाई कर अभी फसल खेत में ही थी कि अचानक बारिश आने से कटी फसल को नुकसान पहुंचा है. कृषि जानकारों के अनुसार यदि और बारिश होती है तो कटी फसल को नुकसान होगा.
कहीं हुआ फायदा
कृषि जानकारों के अनुसार जल्दी आने वाली सोयाबीन वैरायटी 9560 की कटाई चल रही है किंतु देरी से आने वाली जो वैरायटी की सोयाबीन अभी खेतो में खड़ी है उसको इस बारिश से फायदा पहुंचा है.
कहां कितनी बारिश
बीती रात्रि को जिले के कई स्थानों पर बारिश हुई. ब्यावरा में 26.1 एमएम, सारंगपुर में 20.2, जीरापुर एवं पचोर में 9-9 एमएम,नरसिंहगढ़ में 8.3, राजगढ़ में 3.1 तथा खिलचीपुर में 1.2 एमएम बारिश हुई है.
