
सीधी ।जिले के सिहावल जनपद पंचायत क्षेत्र के ग्राम पंचायत तेंदुआ निवासी सुनील सेन उम्र 23 वर्ष की
थाईलैंड सूरत घानी मर्चेंट नेवी में काम के दौरान
करंट लगने से मौत हो गई। सुनील का शव छह दिन बाद 28 सितंबर को उनके घर पहुंचा, जिससे गांव में शोक का माहौल निर्मित हो गया। सुनील का चयन मार्च 2024 में मर्चेंट नेवी में हुआ था और 22 नवंबर को उनकी शादी होनी थी। घटना 23 सितंबर की है। सुबह करीब 11 बजे थाईलैंड सूरत घानी मर्चेंट नेवी में प्रायवेट कंपनी की ड्यूटी के दौरान करंट की चपेट में आने से मकैनिकल पद पर कार्यरत सुनील की मौके पर ही मौत हो गई थी। कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद सुनील का शव शनिवार को बनारस एयरपोर्ट लाया गया। वहां से एक निजी एंबुलेंस से आज रविवार को सुबह उनके घर पहुंचाया गया। सुनील अपने दो भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके मर्चेंट नेवी में भर्ती होने से परिवार और गांव में गर्व का माहौल था। पिता ब्रजेश सेन और पूरा परिवार सुनील की उपलब्धियों पर गर्व करता था। गांव के लोगों के अनुसार सुनील पढ़ाई में होनहार और स्वभाव से मिलनसार थे। उनकी नौकरी लगने और शादी तय होने के बाद घर में खुशी का माहौल था। गांव के सरपंच राजेश सिंह ने बताया कि सुनील न केवल अपने परिवार की उम्मीद थे, बल्कि पूरे गांव के लिए गौरव थे। उनके आकस्मिक निधन से सभी को गहरा आघात लगा है। विवाह की तैयारियों में जुटा परिवार अब अपने बेटे को अंतिम विदाई देने की तैयारी में लग गया।ब्रजेश सेन के पिता ने कहा कि मेरा इस संसार से बेटा चला गया ,मेरी पूरी कमाई बर्बाद हो गई। इसी के सहारे हम लोग जीवन यापन करते थे और मेरा घर परिवार चलता था। इस दुख की घड़ी में ग्राम पंचायत के सरपंच राजेश सिंह, पूर्व सरपंच, कोटेदार विजय सिंह एवं समस्त ग्रामवासी स्थल पर सांत्वना देने के लिए उपस्थित रहे।
