सिंगरौली:म.प्र. शासन परिवहन विभाग के निर्देश व कलेक्टर चन्द्रशेखर शुक्ला के आदेश और आरटीओ सिंगरौली विक्रम सिंह राठौर के द्वारा लगातार पिछले दिनों से बिना वैध दस्तावेज सड़क पर चलने वाले वाहनों के खिलाफ धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है। जहां आज दिन शनिवार को एक जेसीबी सहित 29 वाहनों पर कार्रवाई करते हुये जप्त किया गया है।
जानकारी देते हुये आरटीओ विक्रम सिंह राठौर ने बताया कि खुटार, बंधौरा के अलावा सरई थाना क्षेत्र में बिना परमिट के चलने वाले वाहनों की सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान में खुटार क्षेत्र में पॉच वाहन बिना परमिट के पाये गये। जिन्हें खुटार चौकी ने जप्त कर खड़ा कराया गया है। इसके अलावा बंधौरा इलाके में चेकिंग लगाई गई। चेकिंग के दौरान छ: वाहन बिना दस्तावेज के पाये गये। जिन पर कार्रवाई करते हुये बंधौरा चौकी में खड़ा कराया गया।
श्री सिंह ने बताया कि अभियान सरई थाना क्षेत्र में चलाया गया। जहां चेकिंग के दौरान 18 वाहनों के पास वैध दस्तावेज नही पाये गये। उक्त वाहनों पर कार्रवाई करते हुये सरई थाने में खड़ा कराया गया। जानकारी में बताया कि 28 ऑटो वाहन हैं और एक जेसीबी पर कार्रवाई की गई है। आरटीओ ने वाहन स्वामियों के साथ-साथ चालको से अपील किया है कि अगर सड़क पर वाहन चला रहे हैं तो सभी दस्तावेज अपने पास रखे और सभी दस्तावेज वैध रहे। ताकि कार्रवाई से बच सके। इस दौरान लिपिक व्यौमकांत तिवारी समेत अन्य आरटीओ का अमला मौजूद रहा।
