
ब्यावरा। शारदीय नवरात्रि महोत्सव के चलते नगर सहित जिले भर में धार्मिक अनुष्ठान, आयोजन जारी है. स्थान-स्थान पर चुनरी यात्रा के आयोजन किए जा रहे है, इसी क्रम में ब्यावरा स्थित राजगढ़ रोड पंचशील कॉलोनी से चुनरी यात्रा माँ वैष्णोदेवी मंदिर धाम पहुंची जहां माता रानी को चुनरी ओढ़ाई गई.
विदित है कि राजगढ़ रोड स्थित पंचशील कॉलोनी में हर वर्ष शारदीय नवरात्रि में झांकी पाण्डाल सजाकर प्रतिमा की घट स्थापना कर चुनरी यात्रा निकाली जाती है. हर बार की तरह इस बार भी शुक्रवार को शाम के समय ध्वज पताकाओं, ढोल-ढमाके, जयकारों के बीच चुनरी यात्रा प्रारंभ हुई. जो राजगढ़ रोड, पीपल चौराहा, मेन मार्केट, पुराना ए.बी.रोड, पुराना बस स्टेण्ड होते हुए माँ वैष्णोदेवी मंदिर धाम पहुंची जहां माता रानी को चुनरी ओढ़ाई गई. चुनरी यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन शामिल हुए.
29 को निकलेगी चुनरी यात्रा
29 सितंबर को हिन्दू उत्सव समिति के तत्वावधान में नगर में विशाल चुनरी यात्रा निकाली जाएगी. गौरतलब है कि हर वर्ष शारदीय नवरात्रि में चुनरी यात्रा निकाली जाती आ रही है. इस बार भी विशाल चुनरी यात्रा को लेकर तैयारियां जोरों पर है. शीतला माता मंदिर से चुनरी यात्रा माँ वैष्णोदेवी मंदिर पहुंचेगी. श्रद्धालुओं से अधिकाधिक संख्या में चुनरी यात्रा में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने का आग्रह किया गया है.
