
उज्जैन। आईपीएल शुरू होने से पहले भारतीय क्रिकेटर बुधवार को उज्जैन में महाकाल की शरण में पहुंचे। क्रिकेटर यश ठाकुर, मोनू मिश्रा, शुभम दुबे, यशवंत महाजन, यश सिरसाट और उत्कर्ष सक्सेना एक साथ बाबा के दरबार में आए और दर्शन कर सफलता का आशीर्वाद लिया। सभी ने पहले गर्भगृह के बाहर से भगवान महाकाल के दर्शन किए। इसके बाद नंदी हॉल में बैठकर पूजन संपन्न कराया। पुरोहित आदेश गुरु ने उनका पूजन कराया। क्रिकेटरों ने मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद पत्रकारों से कहा कि उन्हें जब भी मौका मिलता है, बाबा महाकाल के दर्शन करने आ जाते हैं। उन्होंने आईपीएल को देश और खिलाडिय़ों के लिए फायदेमंद बताया। क्रिकेटरों ने भारत-पाकिस्तान के तनाव पर बोलते हुए कहा कि भारतीय सेना की जीत से वे खुश हैं। उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए गर्व की बात है कि सेना हमेशा भारत की जनता की सुरक्षा के लिए तत्पर रहती है। भगवान महाकाल से सेना को शक्ति प्रदान करने की भी कामना खिलाडिय़ों ने की। मंदिर प्रबंध समिति की ओर से भी नंदीहॉल में खिलाडिय़ों का सम्मान किया गया।
