
खिलचीपुर।शुक्रवार की सुबह खिलचीपुर स्थित गाडगंगा नदी पुल के पास तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकरा गई जिससे कार में सवार चार लोग घायल हो गये. हालांकि कार में मौजूद एयरबैग खुलने से कोई अनहोनी होने से बच गई.
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह लगभग 4.30 बजे डिजायर कार जीजे 01, एलटी 3882 में सवार होकर अहमदाबाद निवासी इम्तियाज बोरा उम्र 40 वर्ष, सिद्धार्थ कुमार 30 वर्ष, समीर दर्वा 40, रजाक भाई 30 वर्ष जा रहे थे. यह राजस्थान के भीलवाड़ा से अहमदाबाद जा रहे थे.
अनियंत्रित हुआ वाहन
बताया जाता है कि खिलचीपुर में श्रीराम पेट्रोल पंप से आगे गाडगंगा नदी का पुल पार करते समय चालक का वाहन पर से नियंत्रण बिगड़ गया और कार डिवाइडर से जा टकराई. टक्कर इतनी जोर की थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
बचाव के लिए दौड़ पड़े लोग
जोर की आवाज सुनकर आसपास मौजूद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा बचाव कार्य में लग गये. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकाला गया. सभी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटनास्थल पर कार के पास से शराब और पानी की बोतलें मिली है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. जानकारों के अनुसार कार में लगा एयरबैग यात्रियों के लिए जीवनरक्षक साबित हुआ. अगर एयरबैग समय पर न खुलता तो कोई बड़ी अनहोनी घट सकती थी.
