
रीवा।सूख रही धान की फसल के लिये गुरूवार की दोपहर अमृतवर्षा हुई. हालाकि शहर के अपेक्षा ग्रामीण क्षेत्र में कम वर्षा हुई, लेकिन धान की फसल के लिये पर्याप्त पानी मिल गया है. दोपहर आधे घंटे हुई बारिश से शहर की सडक़ो में घुठने तक पानी भर गया और नालियां उफान पर आ गई. जिसके चलते लोगो के घरो के अंदर पानी घुस गया. जिले में अब तक 787.4 मिली मीटर वर्षा दर्ज की गई.
दरअसल आधे घंटे की बारिश बहुत तेज थी, लगातार बारिश होती रही. उसके बाद रूक-रूक कर रिमझिम बारिश हुई. मलवे से पटी नालियों से पानी की निकासी नही हुई, जिसके चलते नालिया उफान पर आई और लोगो के घरो में पानी भर गया, चिरहुला कालोनी, नेहरू नगर, बांसघाट, निपनिया, घोघर तकिया, संजय नगर, आचार्य नगर सहित कई मोहल्लो में लोगो के घरो के अंदर पानी घुस गया. लोगो ने नालियो पर अतिक्रमण कर रखा है और कई जगह नालियों की सफाई नही हुई है. जिसकी वजह से आधे घंटे की बारिश में पानी लोगो के घरो के अंदर चला गया. स्वच्छता पखवाड़ा और सफाई व्यवस्था की पोल खुल गई. सडक़ो में कई जगह घुठने तक पानी भरा रहा. सांई मंदिर एवं सिरमौर चौराहा के पास घुठने तक पानी से लोग निकलने को विवश हुए. रात में भी बारिश हुई थी, लेकिन कम हुई. दोपहर जो बारिश हुई वह धान की फसल के लिये लाभ दायक है. जिले में अभी तक कम वर्षा हुई है. जवा और त्योंथर तहसील में धान का उत्पादन सबसे ज्यादा होता है और यहा इस साल कम वर्षा दर्ज की गई है. जिले की औसत वर्षा से बहुत कम वर्षा अभी हुई है. मौसम विभाग ने 24 घंटे के अंदर तेज बारिश की संभावना जताई है, अभी वर्षा होगी.
जवा और त्योंथर में सबसे कम वर्षा
जिले में एक जून से अब तक 787.4 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है. एक जून से अब तक तहसील हुजूर में 1126.6 मिलीमीटर, रायपुर कर्चुलियान में 794.6 मिलीमीटर, गुढ़ में 1180 मिलीमीटर, सिरमौर में 661.8 मिलीमीटर, त्योंथर में 602 मिलीमीटर, सेमरिया में 713 मिलीमीटर, मनगवां में 718 मिलीमीटर तथा जवा में 503 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई. गतवर्ष इसी अवधि में 590.8 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी. जिले की औसत वर्षा 1044.6 मिलीमीटर है. इसी तरह मऊगंज जिले में एक जून से अब तक 1478.4 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है. एक जून से अब तक तहसील मऊगंज में 1330.8 मिलीमीटर, हनुमना में 1684.4 मिलीमीटर तथा नईगढ़ी में 1419.9 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है. जिले में गत वर्ष इसी अवधि में 1007.4 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी. जिले की औसत वर्षा 1044.6 मिलीमीटर है.
