
ब्यावरा। इस बार रावण दहन पंचमुखी मैदान के समीप नवीन दशहरा मैदान पर किया जाएगा. दशहरा पर्व को लेकर मैदान पर चल रही तैयारियों का जायजा लेने गुरुवार को नपा टीम मौके पर पहुंचे.
दशहरा पर सुव्यवस्थित मैदान के साथ ही सुरक्षा, व्यवस्था एवं समुचित प्रबंधन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई तथा जिम्मेदार अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गये .
निरीक्षण के दौरान विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया गया कि समारोह में आने वाले नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े. आयोजन सुरक्षित और अनुशासित तरीके से सम्पन्न हो.
निरीक्षण में दशहरा मैदान तक आने-जाने हेतु सुव्यवस्थित रास्ते बनाए जाने पर जोर दिया गया. मैदान में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की की जाये ताकि हर क्षेत्र में पूरी तरह उजाला रहे. वाहन पार्किंग हेतु अलग से सुरक्षित स्थल चिन्हित किया जाये. किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन दल की तैनाती रहे. नागरिकों की सुरक्षा हेतु चिकित्सा दल और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.
इस दौरान नपाध्यक्ष प्रतिनिधि पवन कुशवाह, उपाध्यक्ष अतुल जगताप सहित पार्षदगण पूनम मेवाड़े, रामबाबू प्रजापति, गोपाल जाटव, कैलाश कुशवाह, गिरराज शाक्यवार, मुख्य नगर पालिका अधिकारी इकरार अहमद, अधिकारी, अखाड़ों के उस्ताद मौजूद रहे. टीम ने बताया कि रावण दहन देखने हजारों की संख्या में नागरिक आते है. इसको देखते हुए सभी आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है.
