सासंद की धान का भी अटका भुगतान, बेची थी 807 क्विंटल धान

जबलपुर: कटंगी क्षेत्र के गुरुजी वेयरहाउस में विगत दिनों लगी आग के बाद नए-नए खुलासे सामने आ रहे हैं, जहां एक ओर वेयरहाउस में रखी हुई धान में आग लग गई थी तो वहीं दूसरी ओर कई किसानों का भुगतान अभी भी अटका हुआ है। इसी में एक चौंकाने वाली बात सामने आई है कि गुरुजी वेयरहाउस में जिस कटंगी समिति ने खरीदी की थी, वहीं पर सांसद आशीष दुबे ने भी अपनी धान बेची थी।

जिसके बाद उनका भी भुगतान अभी तक नहीं हुआ है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कटंगी समिति का एक केंद्र गुरुजी लॉजिस्टिक्स में खोला गया था। जिसके पास में ही सांसद आशीष दुबे और उनके परिवार की पैतृक खेती है। जिसके चलते उन्होंने अपनी धान की 807 क्विंटल उपज समर्थन मूल्य पर यहां बेची थी। जिसमें उक्त केंद्र में सांसद आशीष दुबे के नाम से एक रजिस्ट्रेशन में 132 क्विंटल और उन्हीं के नाम के दूसरे रजिस्ट्रेशन में 40 क्विंटल धान की तुलाई हुई है, वहीं उनके भतीजे अर्पित दुबे के नाम से 629 क्विंटल धान की तुलाई हुई है, जिसका कुल मूल्य 1857000 है। जिसका भुगतान विगत 5 महीने से अटका हुआ है।
तौल के बाद किसी और के नाम पर चढ़ा दी धान
जानकारी के मुताबिक सांसद और उनके परिवार की धान 13 जनवरी को गुरुजी लॉजिस्टिक्स वेयरहाउस में तोली गई थी। इसके बाद उन्हें समिति द्वारा तुलाई का पत्रक प्रदान किया गया, लेकिन बाद में उक्त धान की रिसीविंग तैयार नहीं कराई गई जिसके चलते उन्हें भुगतान प्राप्त नहीं हुआ है, याने मैदान में तो धान तोल दी गई, लेकिन जब गोदाम के अंदर धान जमा कराई गई तो वह किसी और के नाम से जमा कर दी गई। ऐसे ही कई किसानों की हजारों क्विंटल धान के साथ इसी तरह का खिलवाड़ किया गया है। जिसके बाद उक्त समिति के ऊपर फरवरी माह में मामला भी दर्ज किया गया था।
सांसद सहित 27 किसानों का अटका भुगतान
धान खरीदी में सांसद आशीष दुबे सहित 27 किसानों का करोड़ों रुपए का भुगतान उक्त कटंगी समिति में लंबित है। इसमें ऐसे किसान है जिन्होंने अपनी धान केंद्र पर ले जाकर बेची हुई थी और उन्हें उसकी रिसीविंग भी प्राप्त है, लेकिन उस धान को वेयरहाउस में किसी और नाम से जमा करके फर्जीवाड़ा किया गया है, जिसको लेकर जिले में पांच उपार्जन केंद्रों के प्रभारी के खिलाफ मामले भी दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा पूरे जिले में 272 से अधिक किसान अभी भी अपने भुगतान के लिए परेशान है।
इनका कहना है
किसानों के साथ सांसद जी एवं उनके परिवार की धान का भी कुछ भुगतान अभी उक्त समिति से बाकी है। समिति की संपत्ति कुर्की करके किसानों का भुगतान जल्द ही किया जाएगा।
दीपक सक्सेना, कलेक्टर

Next Post

डॉ महेन्द्र सिंह चौहान आज आएंगे ग्वालियर और मुरैना

Mon Jun 9 , 2025
ग्वालियर: मध्य प्रदेश कांग्रेस के सभी प्रकोष्ठ एवम् विभाग के प्रभारी तथा संगठन सृजन अभियान में मुरेना के पर्यवेक्षक डॉ महेन्द्र सिंह चौहान आज 9 जून को शताब्दी एक्सप्रेस से शाम को ग्वालियर पहुँचेंगे । डॉ चौहान एआईसीसी पर्यवेक्षक राजू के साथ मुरेना ज़िले के सभी बैठकों , वन टू […]

You May Like