
जबलपुर। वन परिक्षेत्र कार्यालय पाटन के डिप्टी रेंजर को लोकायुक्त ने पांच हजार रूपए की रिश्वत लेते पकड़ा है। कार्रवाई आरोपी के शासकीय आवास पाटन मेें की गई। रिश्वत की रकम लकड़ी का काम एवं परिवहन करने के एवज में मांगी गई थी। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज कर लिया गया है।
लोकायुक्त एसपी अंजुलता पटले के मुताबिक शकील पिता मोहम्मद वहीद 38 वर्ष निवासी कटरा मोहल्ला तहसील पाटन जबलपुर ने शिकायत देते हुए बताया कि वह कारपेंटर एवं लकड़ी के परिवहन का काम करता है।
ढेलन सिंह यादव पिता स्वर्गीय बुद्धू राम यादव 59 वर्ष डिप्टी रेंजर वन परिक्षेत्र कार्यालय पाटन द्वारा उसके वन परिक्षेत्र में लकड़ी का काम एवं परिवहन करने के एवज में प्रतिमाह 5000 की रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत सत्यापन उपरांत गुरूवार को आरोपी ढेलन सिंह यादव को 5000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया ।
