व्हाइट हाउस में ‘प्रेसिडेंशियल वॉक ऑफ फेम’ में बाइडेन के चित्र की जगह लगाया गया ‘पेन’ का फोटो

वाशिंगटन 25 सितंबर (वार्ता) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बुधवार को राष्ट्रपति निवास व्हाइट हाउस में एक नए “प्रेसिडेंशियल वॉक ऑफ फेम” गैलरी अनावरण किया। इसमें अमेरिका के अब तक सभी राष्ट्रपतियों के छायाचित्र हैं लेकिन पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन का चित्र नहीं लगाया गया है।
इस निवास के वेस्ट विंग कोलोनेड में एक दीवार पर सुनहरे फ्रेम में प्रदर्शित ये छायाचित्र पहले राष्ट्रपति जॉर्ज वाशिंगटन से शुरू होते हैं और मौजूदा राष्ट्रपति श्री ट्रम्प तक के हैं। लेकिन श्री ट्रम्प के ठीक पूर्ववर्ती श्री बाइडेन का छायाचित्र नहीं लगा है बल्कि उस जगह पर हस्ताक्षर करते हुए एक ऑटोमेटिक पेन का फोटो लगाया गया है।
गौरतलब है कि श्री बाइडेन के आलोचकों का आरोप है कि वे खुद सरकार का कामकाज नहीं चलाते थे और उनकी जगह कोई और ही अमेरिका की कमान संभाले हुए था। इसमें आगे यह भी कहा जाता है कि श्री बाइडेन केवल दस्तखत करते थे। पिछले राष्ट्रपति चुनाव में श्री बाइडेन ने श्री ट्रम्प को पटखनी दे दी थी मगर इस बार श्री ट्रम्प ने वापसी की पर इस बार उनके सामने श्री बाइडेन न होकर भारतीय मूल की कमला हैरिस राष्ट्रपति पद के लिए डेमोक्रेटस की उम्मीदवार थीं।
इस महीने की शुरुआत में श्री ट्रम्प ने पत्रकारों से कहा, “मुझे लगता है कि उन्होंने जिस एकमात्र दस्तावेज़ पर हस्ताक्षर किए थे, या जिन कुछ दस्तावेज़ों पर उन्होंने हस्ताक्षर किए थे, उनमें से एक उनके बेटे के लिए क्षमादान था।” उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि ऑटोपेन का “अवैध रूप से इस्तेमाल” किया गया था।
श्री ट्रम्प अपने पूर्ववर्ती के कार्यकाल में देश चलाने वालों के आरोप की जांच के आदेश दे चुके हैं।
श्री बाइडेन ने बार-बार ऐसे दावों को खारिज किया है और कहा है कि सभी फैसले उनके अपने थे और ऑटोपेन का इस्तेमाल पूरी तरह से अधिकृत था। अमेरिकी कानून के तहत, इस उपकरण से हस्ताक्षरित दस्तावेज़ों का कानूनी महत्व राष्ट्रपति द्वारा अनुमोदित होने पर हस्तलिखित हस्ताक्षरों के समान ही होता है।
विदित हो कि इस “वॉक ऑफ़ फ़ेम” गैलरी का निर्माण व्हाइट हाउस के व्यापक नवीनीकरण कार्यों का हिस्सा है, जिसमें ओवल ऑफिस में सोने की परत चढ़ना, रोज़ गार्डन में उनके फ्लोरिडा एस्टेट की तर्ज पर बनाया गया एक संगमरमर का आंगन, एक नया बॉलरूम और व्हाइट हाउस के लॉन पर 27 मीटर ऊंचे दो ध्वजस्तंभों की स्थापना शामिल है।

Next Post

घरेलू विवाद में पत्नी पर चाकू से हमला

Thu Sep 25 , 2025
इंदौर:छत्रीपुरा थाना क्षेत्र में देर रात घरेलू विवाद के दौरान पति ने पत्नी पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पीड़िता 35 वर्षीय सपना कोली उर्फ लिमका निवासी माली मोहल्ला ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका बेटा कार्तिक देर […]

You May Like