अतिक्रमण हटाने के नोटिस से भड़के दुकानदार, एक घंटे किया चक्काजाम

भानपुरा। नगर परिषद भानपुरा द्वारा बस स्टैंड क्षेत्र स्थित शताब्दी मार्केट एवं राजीव गांधी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की करीब 70 दुकानों के सामने बने टीन शेड और अस्थायी अतिक्रमण हटाने का नोटिस मिलने पर मंगलवार को दुकानदार आक्रोशित हो उठे। नोटिस में 24 घंटे के भीतर अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई थी। इसके विरोध में दुकानदार लामबंद होकर पहले कोर्ट के सामने धरने पर बैठ गए और बाद में विधायक कार्यालय के सामने करीब एक घंटे तक चक्काजाम कर दिया। इस दौरान “नगर परिषद मुर्दाबाद” के नारे भी लगे।

सूचना मिलते ही तहसीलदार विनोद शर्मा, नगर परिषद अध्यक्ष विनोद शिव भानपिया एवं थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। यहां अधिकारियों और दुकानदारों के बीच लंबी बहस हुई। अंततः तहसीलदार ने दुकानदारों की बात सुनकर फिलहाल कोई कार्रवाई न करने का भरोसा दिया, जिसके बाद चक्काजाम समाप्त हुआ।

दुकानदारों ने लगभग 70 लोगों के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा। इसमें कहा गया कि दुकानों के सामने लगे टीन शेड उनकी सीमा के भीतर हैं और किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं किया गया है। दुकानदारों ने आरोप लगाया कि नगर में चंबल तिराहे से थाना परिसर तक जगह-जगह अतिक्रमण है, लेकिन केवल उन्हें द्वेषवश निशाना बनाया जा रहा है।

इधर, नगर परिषद अध्यक्ष विनोद शिव भानपिया ने बताया कि नोटिस नगर परिषद द्वारा जारी किए गए थे, लेकिन माहौल बिगड़ने और सीएमओ की छुट्टी के कारण अभी सभी कार्रवाई रोक दी गई है।

Next Post

वनाधिकार की बैठक में 168 दावों में 8 दावा स्वीकार

Wed Sep 24 , 2025
सिंगरौली। कलेक्टर चन्द्रशेखर शुक्ला के अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में वनाधिकार समिति की बैठक हुइ। बैठक में जिला स्तर पर प्राप्त आवेदनो पर चर्चा उपरांत 8 प्रकरणों की स्वीकृती प्रदान की गई तथा कहा कि वनाधिकार के लंबित प्रकरणों का समय सीमा के अंदर निराकरण किया जाकर पात्र हितग्राहियों को […]

You May Like