नयी दिल्ली/हांगकांग, 24 सितंबर (वार्ता) शक्तिशाली तूफान, रागासा से ताइवान में 17 लोगों की मौत हो गयी है और 18 अन्य घायल हो हुये हैं।
ताइवान में कहर बरपाने के बाद रागासा तूफान दुनिया के सबसे घनी आबादी वाले तटों में से एक की ओर बढ़ रहा है जिसे देखते हुये अब तक दक्षिणी चीन में लगभग 20 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है।
स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि रागासा के कारण लगभग 100 लोग अभी भी फंसे हुए हैं। इस वर्ष के सबसे शक्तिशाली तूफान रागासा ने बुधवार को वित्तीय केंद्र हांगकांग और दक्षिणी चीन के बड़े हिस्सों को ठप कर दिया। यह तूफान फिलीपींस के सुदूर द्वीपों और ताइवान के पहाड़ी क्षेत्रों से होकर गुजरा, जहां इसने भूस्खलन, बाढ़ और ऊंची लहरों के साथ भारी तबाही मचाई। अब यह चीन के ग्वांगडोंग प्रांत की ओर बढ़ रहा है, जहां शेनझेन और ग्वांगझोउ जैसे विशाल शहर स्थित हैं।
ताइवान में इसकी चपेट में आकर कम से कम 17 लोगों की मौत हो चुकी है और बुधवार दोपहर तक 18 अन्य लोग लापता हैं। यह तबाही एक प्राकृतिक झील के टूटने के बाद आयी जो भूस्खलन के मलबे से बनी थी और इसमें काफी मात्रा में पानी जमा था। इसके टूटने से लगभग सत्तर लाख टन पानी निचले क्षेत्रों में प्रवाहित हो गया जिसने पास के ग्वांगफू टाउनशिप में बाढ़ ला दी। हुलिएन काउंटी के इस पहाड़ी क्षेत्र में वीडियो में दिख रहा है जिसमें पानी की तेज धारा सड़कों पर बह रही है। इसकी वजह से कारें बह गईं और निवासियों को ऊपरी मंजिलों पर शरण लेनी पड़ी।
गौरतलब है कि जुलाई में एक भूस्खलन के मलबे से यह प्राकृतिक झील बनी थी। अधिकारियों ने दिन में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि झील को हटाना, पानी निकालना या अन्य तरीकों से हटाना संभव नहीं था, इसलिए उन्होंने स्थिति की निगरानी करने का फैसला किया।
फिलीपींस, ताइवान और दक्षिणी चीन में हर साल कई तूफान आते हैं, लेकिन मानव-जनित जलवायु संकट ने इन तूफानों को और अधिक अप्रत्याशित और भीषण बना दिया है। हांगकांग में बुधवार तड़के तूफान के कारण तेज हवाएं चलीं, जिसने पेड़ उखाड़ दिए ।हवाओं की गति 168 किमी प्रति घंटा (104.39 मील प्रति घंटा) तक पहुंच गई। सीएनएन के एक संवाददाता ने हांगकांग के प्रतिष्ठित बंदरगाह के पास समुद्र की लहरों को तट पर टकराते देखा।
सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में दिखा कि तूफानी लहरों ने फुलरटन ओशन पार्क होटल, एक लग्जरी समुद्र तटीय रिसॉर्ट के कांच के दरवाजे तोड़ दिए, और विशाल लहरें लॉबी में घुस गईं, जिससे लोग बह गए। होटल ने सीएनएन को दिए बयान में कहा कि कोई घायल नहीं हुआ और सरकार ने तुरंत संसाधन जुटाए।
हांगकांग में तूफान के कारण 82 लोग घायल हुए, और 869 लोग अस्थायी आश्रयों में शरण लिये हुए हैं। दुनिया के सबसे घनी आबादी वाले शहर मकाओ में सड़कों पर कमर तक भर गया।
हांगकांग और मकाओ, जहां 80 लाख से अधिक लोग रहते हैं, ने अपने उच्चतम तूफान चेतावनी संकेत जारी किए। इसकी वजह से स्कूल, व्यवसाय और सार्वजनिक परिवहन, जिसमें एशिया का सबसे व्यस्त हवाई अड्डा भी शामिल है, बंद रहे। हांगकांग ऑब्जर्वेटरी ने शहर के कुछ हिस्सों में 3 मीटर से अधिक की तूफानी लहरें दर्ज कीं।
हांगकांग की सीमा से सटे शेनझेन में मंगलवार रात विशाल लहरें एक तटीय पार्क में टकराईं, जहां हवाओं की गति 181.44 किमी प्रति घंटा (112.4 मील प्रति घंटा) तक पहुंच गयी।
ग्वांगडोंग प्रांत में मंगलवार रात तक 18.9 लाख लोगों को विस्थापित किया गया। मकाओ के पड़ोसी तटीय शहर झुहाई में, समुद्र तट के समीप रहने वाले लोगों को मंगलवार दोपहर को विस्थापित होने का आदेश दिया गया।
झहाई के एक निवासी ने स्थानीय आउटलेट होंगक्सिंग न्यूज को बताया कि उनके 30 साल के निवास के दौरान यह पहली बार था जब उन्हें विस्थापित होना पड़ा। ग्वांगडोंग में 10,000 से अधिक जहाजों को सुरक्षित जलक्षेत्र में ले जाया गया, और 38,000 से अधिक दमकलकर्मी तैयार रखे गये।
हालांकि यह क्षेत्र अत्यधिक आबादी वाला है, लेकिन यह तूफानों से निपटने के लिए अच्छी तरह तैयार भी है। हांगकांग में 3.8 अरब डॉलर की विशाल जल निकासी प्रणाली ने बाढ़ से बचाव किया है। सिटी यूनिवर्सिटी ऑफ हांगकांग के अनुसार, इस साल नौ तूफान आ चुके हैं, जबकि सामान्यतः छह तूफान आते हैं।
एशिया-पैसिफिक टाइफून कोलैबोरेटिव रिसर्च सेंटर के वायुमंडलीय वैज्ञानिक जॉनी चान ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण तूफान न केवल अधिक आम ,बल्कि अधिक शक्तिशाली भी हो रहे हैं, उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण वायुमंडल में अधिक नमी और समुद्र का तापमान बढ़ रहा है, जिससे तूफानों को अधिक ऊर्जा मिल रही है।
उन्होंने चेतावनी दी कि एशिया के शहरों को प्रचंड हवाओं, उच्च समुद्री स्तर और अधिक तीव्र तूफानों को संभालने के लिए अपने आधारभूत निर्माण मानकों में बदलाव लाने होंगे।
फिलीपींस में इस तूफान ने सोमवार को स्तर पांच की ताकत के साथ उत्तरी हिस्सों को प्रभावित किया था और वहां अब सफाई कार्य चल रहा है। लूजॉन तट पर एक नाव पलटने से कम से कम सात मछुआरे मारे गए थे। रागासा के बाद अब एक और तूफान, ओपोंग, फिलीपींस में तेज हो रहा है और यह तूफानी मौसम अभी कई महीनों तक चलेगा।

