भाजपा ने राहुल पर साधा निशाना, चुनाव आयोग की विश्वसनीयता पर सवाल उठाने को प्रोपेगैंडा करार दिया

नयी दिल्ली, 24 सितंबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने एक बार फिर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए चुनाव आयोग और चुनाव प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल उठाने को उनका प्रोपेगैंडा करार दिया।
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने बुधवार को पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से कहा कि श्री गांधी ने विदेशी अखबार (फाइनेंसियल टाइम्स) को दिए एक साक्षात्कार में कहा कि कांग्रेस की रणनीति है कि चुनाव आयोग और चुनावी प्रणाली की विश्वसनीयता के खिलाफ एक विरोध पैदा करेंगे। वह भी सबूत के आधार पर नहीं, बल्कि प्रोपेगेंडा के आधार पर।
श्री पूनावाला ने कहा कि बिहार में कांग्रेस की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक चल रही है पर आज के बाद कांग्रेस पार्टी को इसका नाम सीडब्ल्यूसी से बदलकर “भारत विरोधी कमेटी” (बीवीसी) कर देना चाहिए, क्योंकि यह सीडब्ल्यूसी नहीं है, बीवीसी है। मैं ऐसा इसलिए कह रहा हूं क्योंकि जब मैंने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का एक इंटरव्यू पढ़ा, तो मुझे लगा कि यह बयान नेता प्रतिपक्ष (एलओपी) का नहीं है। हां, अगर एलोओपी का मतलब लीडर ऑफ प्रोपेगेंडा या लीडर ऑफ पाकिस्तान होता, तब यह संभव था कि ऐसा इंटरव्यू फाइनेंसियल टाइम्स को दिया जाए। इसलिए मैं यह आरोप लगा रहा हूं।”
देश में एक ओर वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) कम होने पर देश में उत्सव का माहौल है, वहीं दूसरी ओर बिहार में कांग्रेस और आरजेडी का गाली उत्सव निरंतर जारी है। पिछले 10-15 दिनों में चौथी बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की माता जी के लिए अभद्र शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। पहले दरभंगा की रैली में कांग्रेस के अधिकृत मंच से प्रधानमंत्री की माता जी के लिए अभद्र शब्द बोले गए। अब समस्तीपुर में आरजेडी के कार्यकर्ताओं ने श्री मोदी की माता जी को अपशब्द बोला। इसका आरजेडी ने न तो खंडन किया और न ही माफी मांगी लेकिन तेज प्रताप यादव ने इसे गलत बताया और कहा कि इस पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
श्री पूनावाला ने कहा कि श्री गांधी कह रहे हैं “दलित लड़की डॉक्टर नहीं बन सकती क्योंकि एससी/एसटी के लिए दरवाजे बंद हैं।” तो फिर मेडिकल कॉलेजों में आरक्षण से हर साल हजारों एससी/एसटी बच्चे कैसे दाखिला ले रहे हैं? यही आरक्षण तो उन्हें डॉक्टर, इंजीनियर और अधिकारी बनने का रास्ता देता है। सच ये है कि मोदी सरकार ने मेडिकल सीटें बढ़ाईं हैं, आरक्षण लागू रखा है और नए कॉलेज खोले हैं। श्री गांधी का ये बयान सिर्फ झूठ और समाज को गुमराह करने की कोशिश है लेकिन जनता को सच पता है कि मोदी सरकार में दरवाजे बंद नहीं, बल्कि पहले से कहीं ज्यादा खुले हैं।

Next Post

500 साल पुरानी अखंड ज्योति, मां हिंगलाज देवी मंदिर में उमड़ती है आस्था की गंगा

Wed Sep 24 , 2025
रायसेन: बाड़ी कस्बे में स्थित प्राचीन मां हिंगलाज देवी मंदिर श्रद्धा और विश्वास का अनूठा प्रतीक है। मान्यता है कि यहां मां हिंगलाज देवी पांच शताब्दियों से अखंड ज्योति स्वरूप में विराजमान हैं और भक्तों की हर मनोकामना पूरी करती हैं। मंदिर की स्थापना का इतिहास भी अद्वितीय है,कहा जाता […]

You May Like