नयी दिल्ली 23 सितम्बर (वार्ता) दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने प्रवर्तन निदेशालय की ओर से प्रदेश के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन की सम्पत्ति जब्त किये जाने को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) पर निशाना साधा है और कहा कि इस कार्रवाई से ‘आप’ का काला चेहरा सबसे सामने उजाकर हो गया है।
श्री सचदेवा ने ईडी द्वारा श्री जैन की 7.44 करोड़ की सम्पति की जब्त किये जाने के मुद्दे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले तीन से चार साल से आप के नेता लगातार भाजपा सरकार पर सत्ता का दुरुपयोग कर फर्जी तरीके से छापेमारी का आरोप लगा रहे थे। वे बेगुनाही का दावा करते थे कि हमने बेइमानी नहीं की है, इसीलिए आज तक किसी छापे में एक चवन्नी तक नहीं मिली।
उन्होंने कहा कि अब तक जो ‘आप’ नेता कहते थे कि मोदी सरकार ने छापे मारवाये, लेकिन चवन्नी नहीं मिली, अब श्री जैन की 7.44 करोड़ रुपए की अवैध सम्पति जब्ती पर जवाब दें।
उन्होंने कहा कि नोटबंदी के दिनों में श्री जैन के दो नजदीकियों का सात करोड़ से अधिक की राशि बैंकों में जमा कर हेराफेरी करना हो या खुद पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा कोविड़ काल में शीशमहल बनवाना हो, यह सब दर्शाता है कि आप के नेता हेराफेरी करने के उस्ताद हैं।
