ऑपरेशन कवच 10.0 : दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस ने 214 जगहों पर की छापेमारी

नयी दिल्ली, 23 सितंबर (वार्ता) दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस ने “ऑपरेशन कवच 10.0” के तहत 20 से 22 सितंबर तक 48 घंटे का एक सघन अभियान चलाकर अपराध, अवैध शराब और नशीले पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। पुलिस उपायुक्त दक्षिण-पश्चिम अमित गोयल के निर्देशानुसार चलाए गए इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करना और अपराधों पर अंकुश लगाना था।
इस अभियान के दौरान, 94 पुलिस टीमों ने खुफिया जानकारी के आधार पर 214 जगहों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में संगठित अपराध और असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रभावी कदम उठाए गए हैं।
इसके परिणामस्वरूप अवैध नशा के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत छह मामले दर्ज किए गए और 12 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने 19.084 किलोग्राम गांजा और 10.56 ग्राम स्मैक जब्त की है।
अवैध शराब के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत 18 मामले दर्ज हुए, जिसमें 18 लोग गिरफ्तार किए गए। पुलिस ने कुल 2328 क्वार्टर, 42 हाफ बोतलें, 98 पाउच अवैध शराब, 30 बीयर बोतलें और 132 बीयर कैन बरामद किए।
अवैध हथियार के खिलाफ सात मामले दर्ज कर सात लोगों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से छह चाकू, एक देसी कट्टा और दो कारतूस बरामद हुए।
अन्य अपराध के खिलाफ कार्रवाई में जुआ अधिनियम के तहत 10 मामलों में 21 लोग गिरफ्तार हुए और 10,320 रुपये की दांव राशि जब्त की गई। इसके अलावा, पांच घोषित भगोड़े अपराधियों को भी पकड़ा गया और 278 वाहन जब्त किए गए।
इस अभियान के दौरान पुलिस ने कई निवारक कार्रवाइयां भी कीं। विभिन्न धाराओं के तहत 88 लोग गिरफ्तार हुए, 150 लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने के आरोप में पकड़ा गया और 21 लोगों को निवारक हिरासत में लिया गया। पुलिस ने 311 बदमाशों और हिस्ट्री-शीटर्स की भी गहन जांच की।
अभियान के दौरान कई महत्वपूर्ण गिरफ्तारियां हुईं है, जिसमें किशनगढ़ के एक गोदाम में एंटी-नारकोटिक्स सेल की टीम ने छापेमारी करके 16.486 किलो गांजा, 271 बोतलें अवैध शराब और डिजिटल तौल मशीन बरामद की। इस मामले में तीन आरोपियों नविता, सुशांत और गोपालको गिरफ्तार किया गया है।
सागरपुर में दो नशा तस्कर संतोष राय उर्फ बंगाली और इरफान को गिरफ्तार किया गया। संतोष राय पर पहले से ही हत्या और चोरी जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। इनके पास से 1600 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
सागरपुर पुलिस ने 10.56 ग्राम स्मैक के साथ रोहित उर्फ मन्नू को गिरफ्तार किया। रोहित पहले भी डकैती और चोरी के नौ मामलों में शामिल रह चुका है और पिछले छह महीने से मादक पदार्थ बेच रहा था।

Next Post

सड़क बनवाने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

Tue Sep 23 , 2025
गौरझामर: देवरी विधानसभा क्षेत्र के कई गांव ऐसे हैं, जहां अभी तक सड़क निर्माण नहीं हो पाया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार केसली मुख्यालय को जोड़ने वाली बिलहरी मेडकी से ग्राम पुतरा तक रोड ना होने के कारण 25 गांव के लोगो को केसली मुख्यालय आने जाने में काफी परेशानी […]

You May Like