

भोपाल। करुणाधाम आश्रम में ऐतिहासिक पल के रूप में 21 फुट ऊँची पंचमुखी श्यामा काली बड़ी अम्मा की स्थापना की गई। यह भोपाल शहर में पहली बार है जब इस दिव्य देवी की प्रतिमा विराजमान हुई है।
प्रतिमा स्थापना की झांकी यात्रा के दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, उनकी पत्नी साधना सिंह और विधायक भगवान दास सबनानी भी उपस्थित रहे। नरसिंहगढ़ का प्रसिद्ध बारेलाल बैंड अपनी जोशीली धुनों के साथ यात्रा को और मनोरंजक बनाता रहा। इसके अलावा, अघोरी वेशधारी कलाकारों ने मुंह से आग छोड़कर अपनी अद्भुत कला का प्रदर्शन किया, जबकि फायर और आतिशबाजी ने आसमान को जगमग कर दिया।
बड़ी अम्मा की प्रतिमा प्लैटिनम प्लाज़ा, मैनिट चौराहा और वैशाली नगर होते हुए करुणाधाम आश्रम तक लाई गई। इस भव्य यात्रा में लगभग 7 हजार श्रद्धालु शामिल हुए। आश्रम प्रमुख सुदेश शांडिल्य महाराज की धर्मपत्नी श्रीमती ममता शांडिल्य ने बड़ी अम्मा की पूजा-अर्चना कर युवाओं और भक्तों का स्वागत किया तथा प्रतिमा को विधिवत स्थापित किया।
