
भोपाल।शहर के कटारा हिल्स क्षेत्र में एमपीपीएसी की तैयारी कर रही एक छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतका के भाई-बहन जब घर पहुंचे, तब घटना का खुलासा हुआ. पुलिस जानकारी के अनुसार मृतका 20 वर्षीय डॉली निमोदा ने अपने घर में ही फांसी लगा कर जान दे दी. मृतका अपनी बड़ी बहन प्रियंका निमोदा और चचेरे भाई रोहित के साथ कटारा हिल्स हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहती थी. छात्रा डॉली निमोदा मूलतः सीहोर की रहने वाली थी. अब तक की जानकारी में यह बात सामने आई है कि मृतका को मिर्गी की बीमारी थी औऱ उसकी लगातार दवाइयाँ चल रही थीं. सोमवार की देर रात करीब 8:30 बजे जब उसके बहन और भाई घर लौटे तो खिड़की से दिखा कि डॉली फांसी पर लटकी है. दोनों ने मामले की सूचना तत्काल ही पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने घर का दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला. पीएम रिपोर्ट के लिए शव एम्स अस्पताल भेजा गया. पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला. कटारा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.
