
ग्वालियर। अग्रवाल नवयुवक संघ लश्कर द्वारा महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव के तहत सोमवार 22 सितंबर को सुबह 6 बजे प्रभातफेरी और सायं 5 बजे महाराजा अग्रसेन का विशाल चल समारोह निकाला जाएगा। इसके साथ ही नया बाजार से श्री करोली वालान अग्रवाल पंचायत द्वारा भी सुबह 7.30 प्रभात फेरी निकाली जाएगी। जयंती के पूर्व अग्रसेन पार्क को फूलों से सजाकर विशेष रोशनी की गई है।
22 सितंबर को प्रातः 6 बजे अग्रसेन पार्क दौलतगंज से प्रभात फेरी महाराज बाड़ा, सराफा बाजार, डीडवाना ओली, गस्त का ताजिया, पाटनकर बाजार होते हुए वापस अग्रसेन पार्क पहुंचेगी। अग्रबंधु केसरिया ध्वज लेकर चलेंगे। इसी दिन सायं 4 बजे अग्रसेन पार्क पर 51 दीपों से महाआरती की जाएगी। सायं 5 बजे महाराजा अग्रसेन के छायाचित्र का चल समारोह अग्रसेन पार्क दौलतगंज से महाराज बाड़ा, सराफा बाजार, डीडवाना ओली,राम मंदिर, इंदरगंज चौराहा, दाल बाजार, नया बाजार, लोहिया बाजार, पाटनकर बाजार होते हुए अग्रसेन पार्क पहुंचेगा। जिसमें झांकियों के साथ शहर के मशहूर बैंड ढोल आदि रहेंगे। विभिन्न बाजारों में महाराजा अग्रसेन की आरती के साथ स्वागत किया जाएगा। संघ के पदाधिकारियों ने सभी अग्रबंधुओं से कार्यक्रम सफल बनाने की अपील की है।
