
कटनी। कटनी और आसपास के जिलों में जीएसटी चोरी का बड़ा खुलासा हुआ है। स्टेट जीएसटी की विशेष टीम ने बिना बिल और बिल्टी के चल रहे कपड़े, परचून, इलेक्ट्रॉनिक सामान और पान मसाले के कारोबार पर कार्रवाई करते हुए ट्रांसपोर्टरों व व्यापारियों से 45 लाख रुपये की पेनाल्टी वसूली है।
टीम ने कटनी में नंद ट्रांसपोर्ट, मऊरानीपुर ट्रांसपोर्ट और अनिल कुशवाहा के 4 ट्रकों को जब्त किया। जांच में सामने आया कि व्यापारी बिना वैध बिल-बिल्टी के सामान भेज रहे थे और सरकार से टैक्स चोरी कर रहे थे। एसडीओ चंद्रकुंवर सिंह के नेतृत्व में 3 से 4 सितंबर तक कटनी, जबलपुर, मंडला और नरसिंहपुर में वाहनों की जांच की गई।
दो दिन में 45 गाड़ियों की जांच हुई, जिनमें से 14 गाड़ियों में गड़बड़ी पाई गई। इन ट्रकों में कपड़े, कंबल, सौंदर्य प्रसाधन और परचून का सामान भरा था। हर कार्टन को खोलकर बिलों से मिलान कराया गया। ट्रक नंबर आरजे 11 जीसी 3927, आरजे 11 जीसी 6156, एमपी 16 एच 1498 और आरजे 05 जीबी 6054 सहित अन्य वाहनों की वीडियोग्राफी के साथ जांच की गई।
जांच के दौरान 10 लाख रुपये की टैक्स पेनाल्टी लगाई गई। पांच दिन की पॉवर जांच में कुल 14 ट्रकों में गड़बड़ी मिलने पर 45 लाख रुपये की टैक्स पेनाल्टी वसूली गई। विभाग ने संकेत दिए हैं कि जीएसटी चोरी रोकने के लिए और भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
