
इंदौर. रविवार दोपहर रणजीत हनुमान रोड पर नगर निगम की एक कचरा गाड़ी में अचानक आग लग गई. आग की सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और एक टैंक पानी का उपयोग कर आग पर काबू पाया. घटना के समय ट्रैफिक पुलिस ने एक तरफ के मार्ग को रोककर सुरक्षा सुनिश्चित की. किसी तरह की जनहानि नहीं हुई.
फायर ब्रिगेड के आरक्षक महिपाल सिंह ने बताया कि घटना करीब 12:45 बजे हुई. जोन नंबर 15 की गाड़ी में ड्राइवर विनोद बंसल अपने कर्मचारी छोटेलाल के साथ कचरा संग्रहण का काम कर रहे थे. अचानक इंजन की तरफ से स्पार्किंग शुरू हुई. ड्राइवर ने धुआं निकलने पर गाड़ी को किनारे खड़ा किया, लेकिन आग ने तेजी से फैलना शुरू कर दिया. स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी. दमकल की मदद से आग पर नियंत्रण पाया. फायर ब्रिगेड के अधिकारियों का कहना है कि पूर्व में भी जोन 14 के फूटी कोठी के पास कचरा गाड़ी में आग लगने की घटना हो चुकी है.
