
सीहोर।स्थानीय दि ऑक्सफोर्ड हायर सेकेंड्री स्कूल में वर्तमान परिदृश्य में विद्यार्थियों को लोकतंत्र प्रक्रिया से अवगत कराने एवं नेतृत्व क्षमता को विकसित करने के उद्देश्य से शिक्षण सत्र के लिए 31 वां विद्यालयीन मंत्रीमंडल के सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया.
कार्यक्रम डीईओ संजय सिंह तोमर, प्राचार्य डॉ. अनिता भालेराव की उपस्थिति में आयोजित हुआ. अतिथियों का स्वागत संस्था अध्यक्ष एड. जॉली कुरियन एवं प्राचार्या डॉ. बीना जे. कुरियन ने करते हुए चयनित विद्यार्थियों, हाउस केप्टन, स्काउट, गाइड एवं बैण्ड ग्रुप ने मार्च पास्ट कर अतिथियों को सलामी दी. अतिथियों ने सीनियर एवं जूनियर स्कूल केबिनेट के पदाधिकारियों को शपथ दिलाकर बैच प्रदान किए.
डीईओ श्री तोमर ने कहा कि विद्यार्थियों को नेतृत्व की जो जिम्मेदारी सौंपी गई है. उसे पूर्ण निष्ठा से निभाना चाहिए. हमने जो शपथ ली है, उसका पालन भी करना है. डाईट प्राचार्या डॉ. भालेराव ने कहा अनुशासित रहकर ही नेतृत्व किया जा सकता है. स्कूल केबिनेट से विद्यार्थियों में नेतृत्व का भाव जागेगा.
संस्था अध्यक्ष जॉली कुरियन ने कहा कि विद्यार्थी ही देश का भविष्य हैं. प्राचार्या डॉ. बीना जे कुरियन ने बताया कि विद्यालयीन मंत्रीमंडल का मुख्य उद्देश्य छात्रों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सहयोग, मानसिक और व्यक्तिगत विकास को बढ़ावा देना है. इस अवसर पर विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी. कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका साक्षी गोगिया एवं निकिता बघेल द्वारा किया गया.
