
सीहोर। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली उपभोक्ताओं के साथ हो रहे दुव्र्यवहार को लेकर विधायक सुदेश राय सख्त नजर आए। शुक्रवार को उन्होंने विद्युत वितरण कंपनी शहर जोन क्रमांक 1 और 2 के एई अतुलेश और अग्रवाल को तलब कर जमकर फटकार लगाई।
विधायक ने दो टूक कहा कि कार्यालय आने वाले नागरिकों की समस्याओं का समय पर समाधान करना आपकी ड्यूटी है। उपभोक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार, गाली-गलौज या आवेदन न लेना किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर व्यवहार में सुधार नहीं हुआ तो वे सीधे ऊर्जा मंत्री से शिकायत करेंगे और जरूरत पड़ी तो अधिकारियों का तबादला जिले से बाहर करवा देंगे।
स्मार्ट बिजली मीटरों से उपजे विवादों पर भी विधायक ने कहा कि उपभोक्ताओं से शालीनता से बात कर समस्याओं का निपटारा किया जाए। भाजपा सरकार किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों के साथ खड़ी है, ऐसे में बिजली कंपनी के अधिकारियों की मनमानी नहीं चलेगी।
गौरतलब है कि हाल ही में सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो वायरल हुए थे, जिनमें विद्युत कंपनी के अधिकारी उपभोक्ताओं, खासकर महिलाओं के साथ बदसलूकी करते नजर आए थे। इन्हीं शिकायतों और सबूतों के आधार पर विधायक राय ने अधिकारियों को बुलाकर सख्त लहजे में समझाइश दी।
