पानसेमल: अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय महाविद्यालय में उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार गुरुवार को जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। सरस्वती पूजन के बाद विधायक श्याम बर्डे ने खिलाड़ियों से परिचय लिया और बारिश के बीच विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जीवन को तनावमुक्त बनाते हैं और हार-जीत हमें आगे बढ़ने की सीख देते हैं।
महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. संगीता भंडारी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। क्रीड़ा अधिकारी डॉ. सुनील बागले ने प्रतियोगिता का विवरण देते हुए बताया कि क्रांति सूर्य विश्वविद्यालय खरगोन और देवी अहिल्या विश्वविद्यालय इंदौर की कुल 8 टीमों ने भाग लिया। पहले मैच में बड़वानी की टीम विजयी रही, वहीं सेंधवा ने दूसरा मैच जीता। पानसेमल और बड़वानी के बीच हुए मुकाबले में दर्शकों ने रोमांचक खेल देखा।
क्रांति सूर्य विश्वविद्यालय का फाइनल बड़वानी कॉलेज ने जीता जबकि देवी अहिल्या विश्वविद्यालय का फाइनल पानसेमल ने अपने नाम किया। सर्वश्रेष्ठ 12 खिलाड़ियों का चयन संभाग स्तरीय प्रतियोगिता हेतु किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्राध्यापकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
