रियाद: सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान और पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ ने बुधवार शाम को रियाद में एक संयुक्त रणनीतिक रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते में यह प्रावधान है कि किसी भी देश के विरुद्ध कोई भी आक्रमण दोनों देशों के विरुद्ध आक्रमण समझा जायेगा।
सऊदी प्रेस एजेंसी (एसपीए)की रिपोर्ट के अनुसार, यह समझौता दोनों देशों द्वारा अपनी सुरक्षा बढ़ाने और क्षेत्र व विश्व में सुरक्षा एवं शांति स्थापित करने के प्रयासों के अंतर्गत किया गया है।
इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग के पहलुओं को विकसित करना और किसी भी आक्रमण के विरुद्ध संयुक्त प्रतिरोध को बढ़ाना है।
प्रधानमंत्री शरीफ बुधवार को एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ राजकीय यात्रा पर रियाद आए थे।अपनी बैठक के दौरान, सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान और पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ ने “विभिन्न क्षेत्रों में दोनों भाईचारे वाले देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की”।
एसपीए के एक बयान में कहा गया है कि यह रक्षा समझौता दोनों देशों के बीच “ऐतिहासिक साझेदारी” और “साझा रणनीतिक हितों एवं घनिष्ठ रक्षा सहयोग” पर आधारित है।
यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि क्या इस आपसी रक्षा समझौते में ज़रूरत पड़ने पर पाकिस्तान के परमाणु हथियारों का इस्तेमाल भी शामिल है।
दोनों देशों के बीच यह समझौता अरब लीग और इस्लामिक सहयोग संगठन (ओआईसी) के बीच एक असाधारण संयुक्त सत्र बुलाए जाने के दो दिन बाद हुआ है।
