भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 75वें जन्मदिवस पर सेवा पखवाड़े के अंतर्गत गुरुवार को राजधानी भोपाल में उनके जीवन पर आधारित लघु फिल्म चलो जीते हैं देखी। इस अवसर पर उन्होंने मंत्रियों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आमजन के साथ फिल्म का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जीवन पूरी तरह राष्ट्र और जनता की सेवा को समर्पित है। बचपन की कठिन परिस्थितियों और संघर्षों से निकलकर आज वे वैश्विक मंच पर भारत का गौरव बढ़ा रहे हैं। डॉ. यादव ने उनकी तुलना कोहिनूर हीरे से करते हुए कहा कि जैसे खदान से निकला हीरा पूरी दुनिया में चमकता है, वैसे ही प्रधानमंत्री मोदी विश्व पटल पर भारत का मान बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का जीवन भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए अनुकरणीय है और उनसे सीख मिलती है कि कठिन परिस्थितियों में भी मेहनत, निष्ठा और ईमानदारी से आगे बढ़कर राष्ट्रसेवा कैसे की जाती है। मुख्यमंत्री ने कामना की कि प्रधानमंत्री दीर्घायु हों और निरंतर भारत का नेतृत्व करते हुए विश्व को मार्गदर्शन देते रहें।
इस अवसर पर प्रदेश शासन के मंत्री, सांसद, विधायक, महापौर सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
