
इंदौर:तुकोगंज थाना क्षेत्र में एक ज्वेलरी कंपनी से लाखों रुपए के सोने के आभूषण लेने के बाद उन्हें न तो बेचने और न ही कंपनी में जमा करने का मामला सामने आया है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने महिला के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.थाना प्रभारी जितेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि फरियादी रजत माहेश्वरी निवासी सेक्टर-ए, डी स्कीम नंबर 74सी इंदौर तथा डायरेक्टर रजत जेम्स एंड ज्वेलरीज प्रा.लि., सिटी सेंटर एमजी रोड ने शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने बताया कि उनकी कंपनी कई वर्षों से इंदौर में आभूषणों के विक्रय का व्यापार कर रही है.
मेघा राठौर निवासी भक्त प्रहलाद नगर ने 21 जनवरी से 9 फरवरी के बीच सात अलग-अलग पार्टियों के नाम पर कंपनी से गोल्ड अप्रूवल वाउचर के माध्यम से सोने के आभूषण लिए. इन वाउचरों के जरिए 357.66 ग्राम सोने की ज्वेलरी, जिसकी कीमत करीब 60 लाख 97 हजार 133 रुपए है, कंपनी से ले ली. शिकायत में यह भी बताया गया है कि उक्त ज्वेलरी को न तो बेचा गया और न ही कंपनी को वापस जमा कराया. साथ ही ज्वेलरी के एवज में कोई राशि भी कंपनी को जमा नहीं कराई गई. पुलिस ने इस मामले में प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
