नयी दिल्ली, 16 सितंबर (वार्ता) दिल्ली पुलिस ने गत 48 घंटो में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए एक कुख्यात लुटेरे और दो झपटमारों को गिरफ्तार कर लिया।
उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस ने वारदात के 48 घंटों के भीतर आरोपियों के कब्जे से लूटी हुई नकदी, मोबाइल फोन और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। सभी आरोपी आसान पैसे की लालच में वारदातें करते थे।
उपायुक्त भीष्म सिंह ने मंगलवार को बताया कि सब्जी आपूर्ति करने वाले विजय कुमार से 14 सितंबर को शकरपुर डी-ब्लॉक में चाकू की नोक पर 15 हजार रुपये लूट लिए गए थे। पुलिस ने सीसीटीवी व तकनीकी जांच के बाद 24 घंटे के भीतर आरोपी कृष्णा मूर्ति उर्फ विक्की मद्रासी (39) को धर दबोचा। उसके पास से छह हजार रुपये और वारदात में इस्तेमाल बटनदार चाकू बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ पहले से 37 आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह थाना सुभाष प्लेस का घोषित बदमाश है। वहीं उसका साथी प्रीत अभी फरार है।
दूसरे मामले में मॉडल टाउन थाने की गश्ती टीम ने सतर्कता दिखाते हुए दो अलग-अलग घटनाओं में झपटमारों को रंगेहाथ पकड़ लिया।
पहले मामले में 14 सितंबर की रात गुवाहाटी टाउन रोड पर युवक का मोबाइल छीनकर भाग रहे करन उर्फ बबलू (41) को पकड़ लिया गया। वह चोरी की बाइक से वारदात कर रहा था। करन पर पहले से 24 मामले दर्ज हैं और वह थाना आदर्श नगर का घोषित बदमाश है।
दूसरे मामले में 15 सितंबर की रात मॉडल टाउन-III रेडलाइट पर महिला का मोबाइल छीनकर भाग रहे आरोपी अनुज सोनी (25) को पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया। उसके पास से मोबाइल बरामद हुआ। अनुज पहली बार अपराध में लिप्त पाया गया है।
उपायुक्त ने बताया कि तीनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और फरार साथियों की तलाश की जा रही है।

