आक्रोश रैली में उमड़ा सैलाब पूर्णत: बंद रहा नगर

ब्यावरा: आतंकवाद के खिलाफ सोमवार को नगर मेें विशाल आक्रोश रैली निकाली गई, जिसमें आतंकवाद के खिलाफ हुंकार भरते हुए कहा गया कि आतंकवादी गतिविधियों में शामिल लोगों और ऐसे देशद्रोही तत्वों को संरक्षण देने वालों पर कठोर कार्यवाई की जाये. विरोध स्वरुप दोपहर तक बाजार पूर्णत: बंद रहा.गौरतलब है कि विगत दिवस स्थानीय शहीद कॉलोनी निवासी एक युवक के आतंकवादी संगठन से जुड़ा होने की घटना को लेकर लोगों में खासा आक्रोश है. मांग की जा रही है कि आतंकवाद से जुड़े लोगों एवं ऐसे तत्वों को संरक्षण देने वालों पर सख्त से सख्त कठोर कार्यवाई हो.
सख्त कार्यवाई की मांग
माँ वैष्णोदेवी मंदिर परिसर से आक्रोश रैली प्रारंभ हुई. लोग हाथो में तख्तियां, ध्वज पताकाएं लिए हुए चल रहे थे. रैली में शामिल लोग नारे लगाते हुए देशद्रोहियों पर कठोर कार्यवाई की मांग कर रहे थे. पुराना ए.बी.रोड, जगात चौक, सुभाष चौक, मैन मार्केट सहित प्रमुख मार्गो से होते हुए रैली पीपल चौराहा पहुंची जहां वक्ताओं ने आतंकवाद पर जमकर प्रहार किया.
साजिश का हुआ पर्दाफाश
पीपल चौराहा पर बने मंच से धर्मगुरुओं के द्वारा अपना प्रभावी उद्बोधन देते हुए आतंकवाद से जुड़े देशद्रोहियों एवं ऐसे तत्वों को संरक्षण देने वालों पर रासुका के तहत कार्यवाई करने की मांग की गई. वक्ताओं ने कहा कि एक युवक के आतंकवादी संगठन से जुड़े होने की घटना बहुत ही गंभीर मामला है. शांति के टापू इस नगर में इतनी बड़ी साजिश रची जा रही थी. जिसका पर्दाफाश हुआ है. ऐसे लोगों एवं उनको संरक्षण देने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्यवाई हो.
बाजार रहा पूर्णत: बंद
आतंकवाद के विरोधस्वरुप लोगों में काफी आक्रोश देखा गया. सुबह से ही बाजार पूर्णत: बंद रहा. सभी छोटी, बड़ी दुकाने, प्रतिष्ठान, होटल सहित व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे. दोपहर 2 बजे के बाद तक दुकानें बंद रही. रैली एवं ज्ञापन के बाद दुकानें खुलना शुरु हो गई.
एकजुट हुआ जनमानस
आक्रोश रैली में धार्मिक, सामाजिक, राजनैतिक, सेवाभावी, जनप्रतिनिधि सहित विभिन्न संगठनों, हर वर्ग के लोग शामिल हुए. युवा, बड़े, बच्चे, महिलाएं बड़ी संख्या में शामिल रहे. आतंकवाद, देशद्रोहियों के खिलाफ काफी आक्रोश लोगों में दिखाई दे रहा था. आतंकवाद, देशद्रोहियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाई की मांग को लेकर लोग एकजुट हो गये.
मंच पर ही ब्यावरा एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए देशद्रोही तत्वों एवं इनको संरक्षण देने वालों की जांच कर ऐसे लोगों के खिलाफ कठोर कार्यवाई की मांग की गई.

Next Post

गाजा में इज़रायली हवाई हमले में आठ लोगों की मौत, 50 से ज़्यादा घायल

Tue Sep 16 , 2025
गाजा, 16 सितंबर (वार्ता) गाजा शहर में एक इमारत को निशाना बनाकर किये गये इज़रायली हवाई हमले में कम से कम आठ लोग लोगों की मौत हो गयी और 50 से अधिक घायल हुये हैं अल जज़ीरा की रिपोर्ट के अनुसार यह हमला एक इमारत को निशाना बनाकर किया गया […]

You May Like