
बरही/कटनी। गुरुवार दोपहर बरही नगर के मेहर मार्ग स्थित गुरुधाम कॉलोनी में अज्ञात चोरों ने भाजपा नेता प्रभात चतुर्वेदी के सूने घर को निशाना बना डाला। चोर सोने की हार, अंगूठी, चांदी की तीन पायल, तीन संतान सप्तमी वाले चांदी के चड़े सहित अन्य जेवरात चोरी कर ले गए।
घटना के समय परिवार रिश्तेदारी में संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने गया था। जब उनकी बेटी दोपहर करीब डेढ़ बजे स्कूल से लौटी तो घर का ताला टूटा मिला और पूरा सामान अस्त-व्यस्त था।
गौरतलब है कि इसी कॉलोनी में चार माह पूर्व भी चोरी हुई थी, लेकिन अब तक खुलासा नहीं हो सका। लगातार बढ़ती चोरियों से क्षेत्र में दहशत है और लोगों का कहना है कि पुलिस की गश्त सिर्फ नाममात्र की रह गई है। सवाल यह है कि आखिर कब बरही पुलिस अपनी गश्त को मजबूत करेगी और चोरों पर लगाम लगाएगी?
