शहर में ओवर ब्रिज का जल्द शुरू किया जाए निर्माण

छिंदवाड़ा। नगर निगम महापौर द्वारा शहर के दो महत्वपूर्ण रेलवे क्रॉसिंग पीसी नंबर 17 और पीसी नंबर 21 पर रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) निर्माण कार्य को शीघ्रता से शुरू करने की रेलवे डीआरएम से मांग की है। इस संबंध में महापौर विक्रम सिंह अहके ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक डीआरएम विनायक गर्ग से मिलकर विभिन्न मांगों का पत्र सौंप कर चर्चा की। नगर निगम महापौर विक्रम अहके ने डीआरएम को बताया कि नगर पालिक निगम की ओर से इन दोनों रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी निर्माण की स्वीकृति दी जा चुकी है और पीसी नंबर 17 के लिए आवश्यक 50 प्रतिशत राशि का अंशदान भी निगम द्वारा जमा करा दिया गया है। इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। महापौर ने डीआरएम को यह भी स्पष्ट किया है कि निगम द्वारा 9 जुलाई 2025 को पत्र क्रमांक 307 के माध्यम से रेलवे को जनरल अरेंजमेंट ड्राइंग (जीएडी) जमा कर दी गई थी। इसके बाद भी कार्यवाही लंबित है। महापौर ने कहा कि यह परियोजनाएं छिंदवाड़ा की जनता के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं क्योंकि इनसे शहर में सुगम यातायात व्यवस्था स्थापित होगी और लंबे समय से लगने वाले जाम से निजात मिलेगी। महापौर ने रेलवे से अनुरोध किया है कि इन प्राथमिकता वाले कार्यों को शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जाए ताकि निर्माण कार्य बिना विलंब के आरंभ हो सके। उन्होंने भरोसा जताया कि रेलवे के सहयोग से इस जनहित के काम को समय पर पूरा किया जा सकेगा।

Next Post

मनीराम पटेल को ऑल इंडिया रेलवे एथलेटिक्स चैंपियनशिप में कांस्य पदक

Thu Sep 11 , 2025
रतलाम। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के वाणिज्य विभाग में कनिष्ठ लिपिक के पद पर कार्यरत मनीराम पटेल ने 90वीं ऑल इंडिया रेलवे एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल कर न केवल रतलाम मंडल बल्कि पश्चिम रेलवे का नाम भी गौरवान्वित किया है। यह चैंपियनशिप पूर्व रेलवे, […]

You May Like