उमरिया: नगर परिषद मानपुर के वार्ड क्रमांक 15 ग्राम हंचौरा में आज भी सड़क जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध नहीं है। जर्जर सड़क से परेशान ग्रामीणों ने कई बार नगर परिषद और जिला कलेक्टर कार्यालय में आवेदन देकर डामरीकरण की मांग की, लेकिन लगातार अनदेखी किए जाने से सैकड़ों ग्रामीण मंगलवार को आक्रोशित होकर मानपुर एसडीएम कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर सड़क निर्माण की कार्यवाही शुरू नहीं की गई तो वे नगर परिषद कार्यालय के बाहर सामूहिक अनशन करेंगे। ग्रामीणों का आरोप है कि नगर परिषद सीएमओ और अध्यक्ष भेदभावपूर्ण रवैया अपनाते हुए हंचौरा को विकास से वंचित कर रहे हैं।ग्रामीणों ने बताया कि 25 वर्ष पूर्व जंगल विभाग द्वारा सेमरा से हंचौरा तक मुरमीकरण सड़क बनाई गई थी, जो अब पूरी तरह जर्जर होकर चलने लायक नहीं बची है।
आए दिन बुजुर्ग और बच्चे गिरकर घायल हो रहे हैं। बिजली, पानी, सड़क और स्वच्छता जैसी बुनियादी सुविधाएं भी वार्ड में उपलब्ध नहीं हैं।ज्ञापन सौंपते समय कांग्रेस नेता विजय गौतम, ज्ञानप्रकाश पटेल, उमाशंकर पटेल, रोशनी सिंह, रवि सेन, भोला पटेल, रामनरेश सिंह, अजय द्विवेदी, संजू द्विवेदी, बृजेश कुमार शर्मा, सुखेंद्र कोल, रामकल्याण कोल सहित सैकड़ों ग्रामीणजन मौजूद रहे।
