जबलपुर: शहर के विभिन्न चौराहों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से यातायात नियमों को तोड़ने वाले वाहन चालकों को ई- चालान भेजे जा रहे हैं। लेकिन कई बार ऐसे मामले सामने आ रहे हैं कि किसी दूसरे व्यक्ति की गाड़ी का चालान किसी अन्य व्यक्ति के पास पहुंच रहा है। हाल ही में मंगलवार को ऐसा मामला सामने आया है जिसमें किसी अन्य व्यक्ति की गाड़ी का चालान दूसरे व्यक्ति को पहुंच गया है।
जानकारी के अनुसार एन व्ही 20 एन व्ही 2988 वाहन चालक द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन किया गया होगा, लेकिन इसका ई- चालान बनाकर गाड़ी संख्या एमपी 20 एन व्ही 2888 के वाहन स्वामी आकाश बिहार निवासी अंशुल पटेल के नाम पर भेज दिया गया है, जबकि उक्त वाहन चालक अंशुल पटेल ने बताया कि उनके द्वारा किसी भी प्रकार से नियमों का उल्लंघन नहीं किया गया है। इस मामले को लेकर ई- चालान प्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
इनका कहना है
कैमरे द्वारा नंबर प्लेट पढ़ने में त्रुटि हो सकती है, जिसके कारण एक भी नंबर गलत होने पर दूसरे वाहन स्वामी को चालान पहुंच गया होगा। टेक्निकल प्रॉब्लम की वजह से चालान में गड़बड़ी हो सकती है।
अंजना तिवारी, अति पुलिस अधीक्षक यातायात
