पंजीयक दफ्तर: अफसर चाचा के चैंबर में भतीजे का राज

सीहोर: संइया भये कोतवाल तो डर काहे का.ये कहावत तो सभी ने सुनी होगी. लेकिन सीहोर जिले में यह कहावत चाचा-भतीजे की जोड़ी पर चरितार्थ हो रही है. दरअसल कलेक्ट्रेट बिल्डिंग स्थित जिला पंजीयक कार्यालय में जिला पंजीयक प्रेम नंदन सिंह की जगह उनका भतीजा रवि सोलंकी कार्यालय का संचालन करता हुआ कैमरे में कैद हो गया.यह पहला मामला नहीं है जब उनका भतीजा केबिन में बैठकर कम्प्यूटर चलाते मिला. जबकि यहां के स्टाफ की मानें तो करीब 15 दिन से भतीजा रवि सोलंकी ही यहां आता है और अधिकारी की तरह स्टाफ पर रौब झाड़ता है.

सारा काम ऑनलाइन है तो जिला पंजीयक से ओटीपी लेकर सभी काम रवि सोलंकी ही करते हैं. मंगलवार को जब उन्हें कुछ मीडियाकर्मियों ने घेर लिया तो बगलें झांकने लगा. रवि ने बताया कि सर मुरैना से ट्रांसफर होकर आए हैं, मैं भी मुरैना से आया हूं, उनकी गाड़ी चलाता हूं.उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों जिला पंजीयक के रूप में प्रेम नंदन सिंह की जिले में पदस्थापना हुई थी.

ज्वाइनिंग के कुछ दिन तो अधिकारी नियमित रूप से कार्यालय आए, लेकिन उसके बाद उनके साथ उनका भतीजा कार्यालय आने लगा. बाद में यही भतीजा कार्यालय भी संभालने लगा. यहां तक कि रवि सोलंकी ही अधिकारी के चेंबर में बैठकर सिस्टम से ई पंजीयन कार्यालय की सरकारी आईडी खोल के काम करते देखा जा सकता है. मंगलवार को भी वे जिला पंजीयक के केबिन में बैठकर कम्प्यूटर पर काम करते नजर आए.

आश्चर्य की बात यह है कि पंजीयक कार्यालय जैसे महत्वपूर्ण कार्यालय में इस तरह की गैर जिम्मेदाराना भतीजे को बैठाने के मामले में कलेक्टर ने भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है. यहां तक की ई-पंजीयन कार्यालय के अधिकारी द्वारा अपने भतीजे को अपनी पर्सनल विभागीय आईडी तक उपलब्ध करवाई गई है. इसकी वजह से कभी भी बड़ी धोखाधड़ी हो सकती है.गौरतलब है कि पंजीयक विभाग शासन को सबसे ज्यादा राजस्व देता है, लेकिन यहां फर्जीवाड़ा भी खूब होता है. फिलहाल चाचा भतीजे का यह कारनामा चर्चाओं में बना हुआ है.
मासूमियत से बोला, मैं तो खसरा चैक कर रहा था
मंगलवार को जिला पंजीयक के केबिन में रवि सोलंकी बैठकर कम्प्यूटर में काम कर रहा था. उसके अनुसार उसके चाचा भोपाल मीटिंग में गए हैं. ऐसे में वह केबिन में बैठकर खसरा चैक कर रहा था. जब उससे पूछा गया तो वह बगलें झांकने लगा. रवि ने बताया कि वह साहब की गाड़ी चलाता है. 8-10 दिन से वही बैठ रहा है. स्टाफ के लोगों ने बताया कि यह पंजीयक का भतीजा है और ऑफिस के पूरे काम यही करता है.
इनका कहना है
स्टॉफ जबरन का बवंडर बना रहा है
आज मैं भोपाल मीटिंग में आया हूं, स्टाफ जबरन का बबंडर बना रहा है, संपदा-2 में सभी काम बायोमैट्रिक से होते हैं, इसलिए मेरी जगह कोई दूसरा व्यक्ति काम कर ही नहीं सकता. मेरे केबिन में वह बैठ गया होगा, लेकिन काम कोई नहीं करता. मैं नियमित रूप से अपने कार्यालय में बैठता हूं.
प्रेम नंदन
जिला पंजीयक, सीहोर

Next Post

विश्व में भारत का समय आ गया, देश में स्वदेशी क्रांति लाने की आवश्यकता

Wed Sep 10 , 2025
इंदौर:टेनिस क्लब में स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और आमजन में स्वदेशी की भावना जागृत करने को लेकर औद्योगिक व्यापारिक संगठनों की एक बैठक हुई. इसमें स्वदेशी जागरण मंच के सह संगठन मंत्री सतीश कुमार उपस्थित रहे.मुख्य वक्ता सतीश कुमार ने कहा कि विश्व में भारत का अब समय आ […]

You May Like