
भोपाल। मंगलवार को हुई तेज बारिश ने राजधानी की सड़कों पर जल जमाव कर दिया। पॉलीटेक्निक और बोर्ड ऑफिस चौराहे पर घंटों लंबा जाम लगा रहा, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, जनसंपर्क चौराहे पर न्यू मार्केट से आने वाले मार्ग पर पानी भर जाने से वाहन चालकों को दिक्कतें हुईं। बारिश का पानी घुटनों तक भर जाने से दोपहिया वाहन फिसलने का खतरा बना रहा। जाम के कारण कई कार्यालय जाने वाले कर्मचारी और छात्र देर से पहुंचे। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बारिश में यही स्थिति बन जाती है, लेकिन स्थायी समाधान अब तक नहीं किया गया है।
