नयी दिल्ली, 08 सितंबर (वार्ता) अनन्या मुरलीधरन और दिव्यांशी भौमिक ने उत्तरी मैसेडोनिया के स्कोप्जे में आयोजित डब्ल्यूटेटे यूथ स्टार कंटेंडर में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-15 गर्ल्स डबल्स का स्वर्ण पदक जीता।
भारतीय जोड़ी ने उतार-चढ़ाव भरे मुकाबले में अद्भुत धैर्य और सहनशक्ति का प्रदर्शन करऐ हुए रोमांचक फाइनल में चीन की झाओ वांगकी और लियू ज़िलिंग को 3-2 से हराया।
चीनी जोड़ी के साथ कड़ी टक्कर के बाद, अनन्या और दिव्यांशी ने निर्णायक मुकाबले में अपना संयम बनाए रखा और महत्वपूर्ण मैच पॉइंट बचाकर मुकाबला 11-8, 7-11, 11-8, 6-11, 14-12 से अपने नाम कर लिया।
इससे पहले सेमीफाइनल में भारतीय जोड़ी ने हमवतन रियाना भूटा और अंकोलिका चक्रवर्ती को 3-1 (11-2, 10-12, 11-3, 11-6) से हराया था, और रियाना और एंजेलिका को अंततः कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा था। भारत की पदक तालिका में पी.बी. अभिनंद और ऋत्विक गुप्ता ने और इजाफा किया, जिन्होंने क्रमशः अंडर-19 और अंडर-15 बालक एकल में रजत पदक जीते।
अभिनंद जापान के इवैडा शुंटो से सीधे गेमों (6-11, 7-11, 8-11) में हार गए, जबकि ऋत्विक को अपने खिताबी मुकाबले में कोरिया के ली सेउंगसू से 8-11, 5-11, 8-11 से हार का सामना करना पड़ा। युगल मुकाबलों में भी उत्साह देखने को मिला, जिसमें पी.बी. अभिनंद ने कांस्य पदक जीता। अंडर-19 मिक्स्ड डबल्स में अभिनंद और सिंड्रेला दास की जोड़ी ने, और अंडर-15 बॉयज़ डबल्स में ऋत्विक गुप्ता और साहिल रावत की जोड़ी ने पदक जीते। उत्तरी मैसेडोनिया में भारतीयों ने कुल छह पदक जीते।

