
बुरहानपुर। बारिश के मौसम में घरों में घुस आए खतरनाक जीवों का एक और मामला सामने आया है। नेपानगर तहसील के डाभीया खेड़ा में एक परिवार के लिए सुबह का समय डरावना साबित हुआ, जब उनकी वॉशिंग मशीन के अंदर से अचानक किंग कोबरा सांप बाहर निकला।
परिवार के सदस्यों ने सांप को देखकर तुरंत सर्प विशेषज्ञ खेम सिंह राठौड़ को बुलाया। विशेषज्ञ ने पहुंचकर किंग कोबरा को सुरक्षित तरीके से पकड़ा और जंगल में छोड़ दिया।
खेम सिंह राठौड़ ने बताया कि बारिश के मौसम में सांप सुरक्षित ठिकाने की तलाश में जंगल से निकलकर अक्सर घरों में चले जाते हैं। किंग कोबरा दुनिया के सबसे खतरनाक सांपों में शामिल है। यह आमतौर पर इंसानों से बचता है, लेकिन अगर इसे उकसाया जाए तो यह खतरनाक हो सकता है। इसके काटने पर तुरंत एंटी-वेनम नहीं मिलने पर जानलेवा खतरा होता है।
सर्प विशेषज्ञ ने नागरिकों से सतर्क रहने और घर के आस-पास साफ-सफाई बनाए रखने की सलाह दी, ताकि ऐसे हादसे टाले जा सकें।
